पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चेक इन के लिए घरेलू मुसाफिरों को करना होगा इंतजार

चेक-इन के लिए घरेलू मुसाफिरों को करना होगा इंतजार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डीएमआरसी ने नागरिक उड्‌डयन मंत्रालय को लिखा पत्र

अनूपकुमार मिश्र. नईदिल्ली

एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के स्टेशनों पर चेक-इन की सुविधा हासिल करने के लिए घरेलू हवाई यात्रा करने वाले मुसाफिरों को थोड़ा इंतजार करना होगा। डीएमआरसी ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल वन डी से एयरो सिटी मेट्रो स्टेशन के बीच चेक-इन बैगेज के ट्रांसपोर्ट की सुविधा प्रदान करने का अनुरोध किया है। डीएमआरसी ने अपने इस पत्र में इस बात का विशेष उल्लेख किया है कि एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के निर्माण के समय टर्मिनल वन डी से परिचालित सभी एयरलाइंस को टर्मिनल थ्री में स्थानांतरित करने का वादा किया गया था।

लिहाजा मंत्रालय सभी एयरलाइंस को टर्मिनल वन डी से टर्मिनल थ्री में स्थानांतरित कर दिया जाए या फिर डीएमआरसी को एयरो सिटी मेट्रो स्टेशन से टर्मिनल वन डी के बीच चेक-इन बैगेज को ट्रांसपोर्ट करने की इजाजत दी जाए। डीएमआरसी सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के निर्माण के दौरान वादा किया गया था कि मेट्रो का परिचालन शुरू होने के बाद टर्मिनल वन डी से परिचालित इंडिगो, गो एयर और स्पाइस जेट एयरलाइंस को टर्मिनल थ्री में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। टर्मिनल वन डी से रोजाना करीब 30 हजार मुसाफिर आवागमन कर रहे हैं। जबकि टर्मिनल थ्री से सिर्फ एयर इंडिया और जेट एयरवेज के घरेलू मुसाफिर आवागमन करते हैं। अभी तक सिर्फ एयर इंडिया ने ही एयरपोर्ट मेट्रो लाइन के नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर चेक इन की सुविधा उपलब्ध कराई है। जिसके करीब 50 दैनिक यात्री नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर चेक इन की सुविधा का लाभ हासिल कर रहे हैं। टर्मिनल वन डी से एयरो सिटी मेट्रो स्टेशन के बीच चेक-इन बैगेज के ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलने के बाद एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन पर घरेलू हवाई यात्रा करने वाले मुसाफिरों की संख्या में इजाफा हो सकता है। मामला अभी ब्यूरो आफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के पास लंबित है।