- Hindi News
- ई रिक्शा चालकों की मांगों को लेकर गडकरी से मिले केजरीवाल
ई-रिक्शा चालकों की मांगों को लेकर गडकरी से मिले केजरीवाल
पूर्वमुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं के निदान को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और उन्हें जल्द से जल्द ई-रिक्शा मामले में नया निगम लाने की मांग की, ताकि लाखों ई-रिक्शा चालकों की रोजी-रोटी चल सके। केजरीवाल ने चेतावनी दी है कि यदि दस दिनों के भीतर नियमों को अधिसूचित नहीं किया गया तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन शुरू करेगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में लगभग दो लाख ई-रिक्शे हैं और इनके ड्राइवरों के गरीब परिवारों की आजीविका इन्हीं रिक्शाें से होने वाली कमाई पर निर्भर है। उन्होंने परिवहन मंत्री को 17 जून को किए गए उस वायदे की याद दिलाई, जो उन्होंने रामलीला मैदान में ई-रिक्शा चालकों से रैली को संबोधित करने के दौरान किया था। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कानूनी दिक्कतों का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री अपने पहले के वायदे से पलट रहे हैं। केजरीवाल के मुताबिक गडकरी ने वायदा किया था कि 650 वाट तक के मोटर्स वाले ई-रिक्शे गैर मोटर चालित वाहन के रूप में विचार किए जाएंगे और ई-रिक्शा के लिए कोई पंजीकरण संख्या की आवश्यकता नहीं होगी। दिल्ली नगर निगम 100 रुपए की फीस के साथ ई-रिक्शा चालकों को सर्टिफिकेट देगा। गडकरी ने यह भी कहा था कि दिल्ली की सड़कों पर ई-रिक्शा चलाने में आने वाली सभी कानूनी बाधाओं को हटा दिया जाएगा। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि परिवहन मंत्रालय की लापरवाही की वजह से ई-रिक्शा चालक बेकार बैठे हैं और उनके परिवार वाले वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।