पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मुकेश अंबानी की बादशाहत बरकरार, बिड़ला दो पायदान फिसले

मुकेश अंबानी की बादशाहत बरकरार, बिड़ला दो पायदान फिसले

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शेयरबाजार की तेजी और रुपए के मजबूत होने से देश के अरबपतियों की सूची में मुकेश अंबानी की बादशाहत लगातार तीसरे वर्ष भी बरकरार है। वहीं, कुमार मंगलम बिड़ला दो पायदान फिसलकर आठवें स्थान पर गए हैं। बिजनेस मैग्जीन \\\"हुरून\\\' की भारत के 230 अमीरों की 2014 की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के सीएमडी मुकेश अंबानी शीर्ष पर बने हुए हैं। पिछले साल की तुलना में उनकी संपत्ति 37 फीसदी बढ़कर 1.65 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। हालांकि इस दौरान आदित्य बिड़ला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला की संपत्ति 24 फीसदी बढ़कर 61,620 करोड़ रुपए हो गई। फिर भी वे दो पायदान फिसले हैं। सूची में फार्मा कंपनी सन फार्मा के दिलीप संघवी आर्सेलर मित्तल के लक्ष्मी निवास मित्तल को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। पिछले साल के मुकाबले उनकी संपत्ति 43 फीसदी बढ़कर 1.29 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। मित्तल की संपत्ति चार फीसदी घटकर 97,000 करोड़ रुपए पर गई है। वह तीसरे स्थान पर हैं। आईटी कंपनी विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी चौथे स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 11 फीसदी बढ़कर 86,000 करोड़ रुपए हो गई है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शिव नाडर संपत्ति में 40 फीसदी इजाफे के साथ पांचवें स्थान स्थान पर रहे हैं।

अदाणी ने चौंकाया, बनाई टॉप-10 में जगह

\\\"हुरून\\\' के मुताबिक संपत्ति में 152 फीसदी बढ़ोतरी के साथ अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने टॉप-10 में जगह बनाई है। उनकी संपत्ति 44,020 करोड़ रुपए हो गई है।

हिंदुजा समूह के एसपी हिंदुजा 72,000 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ छठे, टाटा संस में सबसे अधिक हिस्सेदारी रखने वाले पालोनजी मिस्त्री सातवें, कुमार मंगलम बिड़ला आठवें और टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल 51,320 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सूची में दो पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

देश के टॉप-4 अमीर :

उद्योगपति - संपत्ति (करोड़ रुपए में)

1. मुकेश अंबानी - 1,65,000

2. दिलीप संघवी - 1,29,000

3. लक्ष्मी निवास मित्तल - 97,000

4. अजीम प्रेमजी - 86,000