- Hindi News
- सिर्फ तीन किमी दूर होगा स्वास्थ्य केंद्र
सिर्फ तीन किमी दूर होगा स्वास्थ्य केंद्र
देशमेंनागरिकों को सिर्फ तीन किलोमीटर के दायरे में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के तहत दूरदराज और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए भी उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने का फैसला किया गया है। राज्यों को इसके लिए इसी वित्त वर्ष में पैसा जारी होगा।
एनआरएचएम के मिशन डायरेक्टर सीके मिश्रा ने कहा, ‘उप-स्वास्थ्य केंद्र, पब्लिक हेल्थ सेंटर और कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर तो कई हैं। फिर भी कई इलाकों तक स्वास्थ्य सेवा नहीं पहुंच सकी है। एनआरएचएम ने तय किया है कि अब किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के लिए आधे घंटे से ज्यादा समय नहीं लगे। हमने हमने राज्य सरकारों को हर रिहायशी बस्ती से तीन किमी के दायरे में कम से कम एक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के निर्देश दिए हैं।’ एक अधिकारी ने बताया कि दूरदराज के इलाकों में 10-15 परिवार रहते हैं। आबादी कम होने की वजह से स्वास्थ्य केंद्र खोलना मुमकिन नहीं होता। इसी वजह से इन लोगों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। ताजा व्यवस्था में इन लोगों को भी स्वास्थ्य सेवा के दायरे में लाया जाएगा। केंद्र राज्य सरकारों को पैसा मुहैया कराएगी।