- Hindi News
- यूनिवर्सल बैंकिंग लाइसेंस पर अंतिम दिशानिर्देश जल्द : गांधी
यूनिवर्सल बैंकिंग लाइसेंस पर अंतिम दिशानिर्देश जल्द : गांधी
रिजर्वबैंक यूनिवर्सल बैंकिंग लाइसेंस जारी करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रहा है। वह इसके अंतिम दिशानिर्देश इसी वित्त वर्ष में जारी कर देगा। यह लाइसेंस सभी प्रकार की सेवाएं देने वाले बैंकों को दिया जाएगा। रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर आर गांधी ने यहां मंगलवार को यह जानकारी दी। वे उद्योग संगठन फिक्की और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के सालाना सम्मेलन से इतर चर्चा कर रहे थे।
गांधी ने कहा, \\\"इसके लिए कोई समय-सीमा तो निर्धारित नहीं की जा सकती, लेकिन चालू वित्त वर्ष में इसके अंतिम दिशानिर्देश जरूर जारी कर दिए जाएंगे।\\\' उन्होंने कहा कि इससे पहले आरबीआई पेमेंट और स्मॉल बैंकों पर ड्राफ्ट गाइडलाइंस जारी कर चुका है। इस पर लोगों की राय भी मिल गई है। जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कार्पोरेट गवर्नेंस में सुधार के मसले पर गांधी ने कहा कि इस बारे में रिजर्व बैंक ने पीजे नायक समिति सहित विभिन्न समितियों की सिफारिशों के आधार पर सरकार को कुछ सुझाव दिए हैं। इनमें पीएसयू बैंकों में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर पद को अलग करने के साथ ही बोर्ड में डायरेक्टरों की नियुक्ति के लिए अलग समिति बनाना शामिल है।
नायक समिति ने पीएसयू बैंकों में सरकार की हिस्सेदारी 50 फीसदी से कम करने की सिफारिश की है। इस पर गांधी ने कहा कि इस मामले में सरकार को विचार करना है।