- Hindi News
- जनधन योजना का लाभ पुराने खाताधारकों को भी
जनधन योजना का लाभ पुराने खाताधारकों को भी
प्रधानमंत्रीजनधन योजना का लाभ पुराने बैंक खाताधारक भी उठा सकते हैं। उन्हें इन सुविधाओं के लिए आवेदन करना होगा। इसमें एक लाख रुपये दुर्घटना बीमा कवर वाला रूपे डेबिट कार्ड भी शामिल है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। दुर्घटना बीमा के अलावा 5,000 रुपये की ओवरड्राफ्ट सुविधा भी मिलेगी। हालांकि यह सुविधा छह महीने तक खाते के संतोषजनक परिचालन के बाद ही मिल सकेगी। सरकार ने बैंकों को परिवार के किसी एक सदस्य को ओवरड्राफ्ट सुविधा देने का निर्देश दिया है, खासकर घरेलू महिला को। इसके अलावा योजना के तहत 26 जनवरी 2015 तक खोले गए खातों पर 30,000 रुपये जीवन बीमा कवर का भी प्रावधान किया गया है। हालांकि इसके प्रीमियम आदि को लेकर फैसला होना बाकी है।