- Hindi News
- एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशनों पर मिलेंगे दूसरी लाइन के कार्ड और टोकन
एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशनों पर मिलेंगे दूसरी लाइन के कार्ड और टोकन
एयरपोर्टएक्सप्रेस लाइन के सभी मेट्रो स्टेशनों पर अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की अन्य लाइनों पर यात्रा के लिए टिकट और स्मार्ट कार्ड उपलब्ध होंगे। डीएमआरसी की ओर से यह सुविधा एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस की सभी लाइनाें पर सोमवार से शुरू कर दी गई हैं। इस सुविधा के शुरू होने के बाद मुसाफिरों को टिकट खरीदने के लिए बार-बार कतारों में खड़ा होने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। इससे मुसाफिरों की सहूलियत के साथ उनके समय को भी बचाया जा सकेगा।
डीएमआरसी के प्रवक्ता के अनुसार, एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस से सफर पूरा करने के बाद यलो लाइन में सफर के लिए मुसाफिरों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर टिकट विंडो पर लगना पड़ता था। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के मुसाफिरों को मेट्रो सफर के दौरान बार-बार लाइनों में लगना पड़े, इसके लिए एक्सप्रेस लाइन के सभी मेट्रो स्टेशन पर नई टिकट मशीन लगाई गई हैं। एयरपोर्ट मेट्रो से सफर के लिए टोकन खरीदते समय अब मुसाफिर दिल्ली मेट्रो की दूसरी लाइन के लिए भी टोकन खरीद सकेंगे। उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से जुड़े होने की वजह से नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर मुसाफिरों की भारी भीड़ मौजूद रहती है। पीक आवर्स के दौरान टोकन खरीदने के लिए मुसाफिरों को आधे घंटे तक का इंतजार करना पड़ जाता है।