- Hindi News
- उपेंद्र कुशवाहा के निजी सचिव नियुक्त किए गए अभिजीत सिन्हा
उपेंद्र कुशवाहा के निजी सचिव नियुक्त किए गए अभिजीत सिन्हा
भारतीयप्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अभिजीत सिन्हा को ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले, कैबिनेट की नियुक्ति समिति एसीसी ने कुशवाहा की पसंद के आईएएस अधिकारी रवींद्र कुमार को उनका निजी सचिव नियुक्त करने से इनकार कर दिया था। साल 2011 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस रवींद्र कुमार के नाम की सिफारिश मंत्री ने एसीसी को की थी।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से शनिवार को जारी एक आदेश में कहा गया कि एसीसी ने 2000 बैच के नगालैंड कैडर के आईएएस सिन्हा की कुशवाहा के निजी सचिव के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी। उनकी नियुक्ति एक जुलाई 2014 से पांच साल की अवधि के लिए या मंत्री के कार्यकाल तक प्रभावी रहेगी। कुशवाहा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के नेता हैं। एक अन्य आदेश में एसीसी ने 1980 बैच की पश्चिम बंगाल कैडर की आईएएस अधिकारी नंदिता चटर्जी की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की अवधि छह महीने के लिए 14 मार्च 2015 तक बढ़ाने को मंजूरी दी। नंदिता राष्ट्रीय महिला आयोग में सदस्य सचिव के पद पर हैं