- Hindi News
- अगस्त में सिर्फ 2.35 फीसदी की रफ्तार से बढ़ा निर्यात
अगस्त में सिर्फ 2.35 फीसदी की रफ्तार से बढ़ा निर्यात
अगस्तमें देश का निर्यात 2.35 फीसदी की रफ्तार के साथ बढ़कर 26.95 अरब डॉलर रहा। यह पांच महीनों में इसकी सबसे कम रफ्तार है। इससे व्यापार घाटे में इजाफा हुआ है। अगस्त में यह 10.83 अरब डॉलर के साथ चार महीनों के उच्च स्तर पर पहुंच गया। अप्रैल में यह 10 अरब डॉलर था। इस साल जुलाई में निर्यात 7.5 फीसदी बढ़ा था। इससे पहले मई और जून में यह दहाई अंकों क्रमश: 12.4 फीसदी और 10.22 फीसदी की रफ्तार से बढ़ा था।
अगस्त में सोने के आयात में 175.53 फीसदी की उछाल देखने काे मिली। माह में कुल 2.03 अरब डॉलर मूल्य के सोने का आयात हुआ। जबकि पिछले साल इसी महीने में 73.87 करोड़ डॉलर का सोना आयात हुआ था। चांदी के आयात में 7.77 फीसदी की गिरावट आई। अगस्त में 24.51 करोड़ डॉलर मूल्य की चांदी आयात की गई। पिछले साल इसी महीने में 26.58 करोड़ डॉलर की चांदी आयात की गई थी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में देश का आयात 2.08 फीसदी की वृद्धि दर के साथ 37.79 अरब डॉलर रहा। अगस्त में तेल आयात 14.97 फीसदी घटकर 12.83 अरब डॉलर रहा है। हालांकि गैर-तेल आयात 13.82 फीसदी बढ़कर 24.95 अरब डॉलर रहा। चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में देश का निर्यात 7.31 फीसदी की रफ्तार से बढ़कर 134.79 अरब डॉलर रहा है। हालांकि इस दौरान आयात 2.69 फीसदी कम होकर 190.94 अरब डॉलर रहा है।
इन पांच महीनों में व्यापार घाटा 56.15 अरब डॉलर रहा है।
निर्यातकों को उपायों की उम्मीद :
निर्यातकों की शीर्ष संस्था एफआईईओ ने निर्यात में आई कमी के लिए यूरोपीय बाजारों की जारी मंदी को मुख्य वजह बताया है। एफआईईओ प्रेसीडेंट रफीक अहमद ने कहा कि यूरोपियन यूनियन में हालात काफी खराब हैं। उम्मीद है कि सरकार निर्यात में तेजी लाने के लिए उचित कदम उठाएगी।