एटीएम में गैर की मदद पड़ी भारी
एटीएम में गैर की मदद पड़ी भारी
नई दिल्ली | एटीएममशीन से रुपए निकालने के लिए किसी गैर शख्स की मदद लेना आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है। रविवार को बदरपुर इलाके में एटीएम से रुपए निकालने गई महिला से मदद के नाम पर दो लोगों ने उसका पासवर्ड हासिल कर लिया। जिसके बाद दोनों ने महिला को अपना एटीएम दे दिया और महिला का एटीएम लेकर वहां से चले गए। महिला के घर पहुंचते ही उसके मोबाइल में मैसेज आया जिसमें उसके एकाउंट से दस हजार रुपए निकालने की जानकारी थी। कुछ सेकेंड बाद महिला को कुछ और एसएमएस मिले। जिसमें करीब तीस हजार रुपए निकालने की जानकारी थी। अनीता उपाध्याय नामक शिकायतकर्ता ने इस बाबत बदरपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस एटीएम के सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों शख्स की पहचान करने का प्रयास कर रही है।