- Hindi News
- उम्मीदवारों के लिए रविवार रहा आराम का दिन
उम्मीदवारों के लिए रविवार रहा आराम का दिन
दिल्लीचुनावों की भारी गहमागहमी से गुजरने के बाद रविवार को विभिन्न दलों के उम्मीदवारों ने अपने अभिभावकों, परिजनों और पालतू पशुओं के साथ दिन बिताकर अपनी थकान उतारी जबकि कई प्रत्याशियों ने अपने चुनाव क्षेत्र की जनता के साथ समय बिताया।
एक ओर जहां आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार सुबह के वक्त अपने परिवार के सदस्यों के साथ बड़े सुकून और आराम से बिताया वहीं भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी अपने घर में आराम कर रही थीं।
चुनाव प्रचार के दौरान कड़ी मशक्कत कर चुकी ग्रेटर कैलाश से कांग्रेस प्रत्याशी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि फिलहाल वह चुनाव नतीजों के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रही हैं। आप के मुख्यमंत्री उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से खड़ी हुई भाजपा की नूपुर शर्मा ने कहा,‘वह बिल्कुल परेशान महसूस नहीं कर रही थीं।’
केजरीवाल के कौशांबी स्थित उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पत्रकार उनका इंतजार कर रहे थे। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे केजरीवाल ने सबसे पहले पति, पिता और बेटा होने का फर्ज निभाया। उन्होंने अपनी प|ी, माता-पिता और बेटे के साथ दिन का ज्यादातर वक्त बिताया। केजरीवाल कुछ समय बाद फिल्म देखने भी गए
‘विपासना’ में यकीन रखने वाले केजरीवाल ने योग एवं ध्यान से दिन की शुरूआत की बाद में उन्होंने अखबार पढ़े, टीवी देखा और सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहे थे। काफी सुकून महसूस कर रहे केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान की तारीफ की और उन्हें आराम करने को कहा। केजरीवाल ने ट्वीट किया,‘स्वयंसेवकों। आपने बहुत अच्छा काम किया। दो दिन आराम करें। अपने परिवार के साथ वक्त बिताएं। सोएं। फिल्में देखें। ध्यान करें। ईश्वर आपका भला करे।’
वहीं, बेदी ने सुबह के वक्त सूर्य देवता की पूजा भी की। बेदी ने ट्वीट किया,‘सुप्रभात दिल्ली। हर दिन एक नया दिन होता है...सिर्फ सूर्योदय ही एक ऐसी चीज है जो नियमित एवं पूर्वानुमान किया जा सकने वाला है।’ दिन ढलने के साथ ही दोनों मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी पार्टियों के नेताओं के साथ बैठक की। आप के कई नेता करीब ढाई बजे ‘तैयारी’ बैठक के लिए केजरीवाल के आवास पर गए।
शर्मिष्ठा ने बताया,‘मैं अपने पालतू कुत्ते से खेलकर आराम कर रही हूं। मेरा पूरा घर अस्तव्यस्त हो गया जिसे मुझे व्यवस्थित करना होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या वह आराम करने के लिए नृत्य करती हैं, उन्होंने मुस्करा कर कहा,‘क्या बात कर रहे हैं। नृत्य करना एक थकावट भरी गतिविधि है। भला, इस समय मैं उसे क्यों करूंगी।’
नूपुर ने कहा,‘जो चीज मेरे बस में हो उसके लिए मैं चिंतित क्यों होने लगी। मैं एक मिशन के साथ राजनीति में आई हूं और पिछले सात साल में मैंने अपने प्रयास किए हैं। भले ही एग्जिट पोल कुछ भी कहें हम चुनाव जीतने को लेकर बेहद आशावान हैं।’ नूपुर ने कहा कि वह केवल काम करने में भरोसा करती हैं। इसलिए ‘मैं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ फिलहाल समय बिता रही हूं और चुनाव के बारे में उनके विचार जान रही हूं।’ मंगोलपुरी से आप की उम्मीदवार राखी बिड़लान ने कहा कि वह आज कुछ देर तक सोई और सुबह दस बजे उठीं।
नूपुर शर्मा
किरण बेदी
शर्मिष्ठा मुखर्जी
अरविंद केजरीवाल