शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर
इस्तीफे के ठीक एक साल बाद केजरीवाल 14 फरवरी को लेंगे सीएम पद की शपथ
भास्करन्यूज नई दिल्ली
रामलीलामैदान ठीक एक साल बाद फिर से मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले वर्ष 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उसके ठीक एक साल बाद वह 14 फरवरी को फिर से दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। केजरीवाल के दूसरे मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान को सजाने संवारने में उत्तरी दिल्ली नगर निगम, एनडीएमसी और पीडब्ल्यूडी दिन-रात जुटे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल ने रामलीला मैदान में 28 दिसम्बर, 2013 को अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ ग्रहण की थी। तैयारियों में लगे एनडीएमसी के अधिकारी बताते हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 10 जनवरी को यहां रैली की थी, इसलिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ रही है। शपथ ग्रहण में भारी भीड़ जुटने को ध्यान में रखकर मैदान के पास सफाई का काम किया जा रहा है। एमसीडी में जनसंपर्क निदेशक योगेंद्र सिंह मान बताते हैं कि 50-60 सफाई कर्मियों को लगाकर मैदान कि सफाई एक बार कराई जा चुकी है। अब रंग रोगन का काम हो रहा है। मैदान में बड़े संख्या में पौधे गमले में रखे जाएंगे। 15 मोबाइल टायलेट और दो मोबाइल चिकित्सा यूनिट भी मैदान के आसपास लगाई जाएंगी। समारोह में वीआईपी अतिथियों को बैठाने का प्रबंध दिल्ली सरकार की ओर से किया जा रहा है। मंच के पास ही मीडिया कर्मियों की जगह बनाई जा रही है। मैदान में 30 से 40 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी और काफी जगह खाली रखी जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि कितने लोग शपथ ग्रहण समारोह में आएंगे। पिछले बार के शपथ ग्रहण समारोह में भारी भीड़ आई थी।