सोशल मीडिया पर आप ही आप, भाजपा गायब
दिल्लीमें आए राजनीतिक भूचाल का असर सोशल मीडिया पर भी देखा जा रहा है। 10 फरवरी से शुरू यह भूचाल अभी भी जारी है। स्थिति ऐसी हो गई है कि सोशल मीडिया ट्विटर पर भाजपा नेपथ्य में चली गई है और इसके खेवनहार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें पायदान पर हैं। इस पायदान पर भी मोदी ट्रेंड में भाजपा के आलोचकों की संख्या समर्थकों की अपेक्षा कुछ ज्यादा है।
बुधवार शाम साढ़े छह बजे ट्विटर के ट्रेंड में पहले से चौथे पायदान पर आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी है। पांचवें पायदान पर मोदी को संतोष करना पड़ रहा है। छठे पायदान पर कांग्रेस, सातवें पर केजरीवाल, आठवें पर शिवसेना और नौवें पर राहुल गांधी थे।
भाजपा के तीन विधायकों के लिए नैनो नहीं, शोले की बाइक ही काफी
आपके एक समर्थक ने ट्वीट किया है कि विधानसभा जाने के लिए बीजेपी के तीन विधायकों को नैनो कार की क्या जरूरत है। इनके लिए तो शोले की बाइक ही काफी है। दो विधायक बाइक पर बैठ जाएंगे और तीसरा विधायक बाइक से जुड़ी साइडकार पर बैठ जाएंगे।
समर्थकदे रहे हैं सांत्वना : पार्टीकी बुरी हार से भाजपा समर्थकों में बेहद निराशा है। इससे उबरने के लिए पार्टी के समर्थक कुछ शायराना अंदाज में समर्थकों को खुश करने में जुटे हैं। एक समर्थक कहता है कि कोई भी लक्ष्य मनुष्य के साहस से बड़ा नहीं, हारा वही जो लड़ा नहीं, भाजपा आएगी, दिल्ली मुस्कराएगी। एक अन्य समर्थक आप पर तंज कसते हैं कि अब नौटंकी देखने के लिए किसी थिएटर में जाने की जरूरत नहीं है। अब दिल्ली में रोजाना नौटंकी होगी।
झाड़ू पर लटक गई बेदी क्रेन
कार्टूनके जरिए भी कुछ रोचक तथ्य प्रस्तुत किए गए है। कार्टून के जरिए दिखाया गया है कि बीजेपी को आशा थी कि बेदी क्रेन के जरिए केजरीवाल को टांग दिया जाएगा, लेकिन इसके विपरीत 10 फरवरी के चुनाव परिणाम में केजरीवाल ने झाड़ू के जरिए बेदी क्रेन को ही टांग दिया है।
हर तरफ अब आप ही आप
पहलेपायदान पर आप स्वीप, दूसरे पर देलही डिसाइड, तीसरे पर किसकी दिल्ली, चौथे पर आप की दिल्ली नाम से चार ट्रेंड 34 घंटे से सबसे ऊपर हैं। ये चारों ट्रेंड आप समर्थकों ने शुरू किया है। यहां पर आम आदमी पार्टी को मिली भारी जीत पर लोगों की बधाइयों का तांता लगा हुआ है और भाजपा के खिलाफ तंज कसे जा रहे हैं। इतना ही नहीं, यहां पर आप के कुछ समर्थक जानकारी भी पोस्ट कर रहे हैं। एक समर्थक ने ट्वीट किया है कि बीजेपी की लुटिया डूबने से 95 फीसदी बुकिस्ट का पैसा पानी में चला गया है। तो वहीं एक अन्य व्यक्ति ने नसीहत देते हुए ट्वीट किया है, सबके साथ, सबके विकास ने बीजेपी को घर पहुंचा दिया, अब आप को अपने वायदे पूरे करने हैं। वहीं कांग्रेस के एक समर्थक कांग्रेस की हार से बहुत दुखी हैं और मांग करते हैं कि दिल्ली की हार पर शोक जताओ, प्रियंका लाओ, कांग्रेस बचाओ।