- Hindi News
- कैबिनेट सचिव ने की कश्मीर के हालात की समीक्षा
कैबिनेट सचिव ने की कश्मीर के हालात की समीक्षा
कैबिनेटसचिव अजित सेठ ने गुरुवार को कश्मीर की बाढ़ को लेकर किए जा रहे राहत कार्य की समीक्षा की। राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने पिछले दो सप्ताह के दौरान राज्य केंद्र सरकार की ओर से किए गए राहत कार्य की रपट लेने के साथ ही अधिकारियों को तेजी से सभी प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के निर्देश दिए। बैठक को लेकर जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में अधिकतर जगह सड़क-दूरसंचार-ईधन और बिजली सेवा को यथासंभव कार्य करने लायक बना दिया गया है। राज्य की कुल 441 बैंक शाखा में से 352 ने कार्य करना शुरू कर दिया है। करीब 1190 एटीएम ने भी कार्य शुरू कर दिया है। विभिन्न एजेंसियों ने 278000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। करीब दो लाख लोगों को सेना, 52 हजार को एनडीआरएफ और 27 हजार लोगों को सीआरपीएफ ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राज्य में फंसे करीब 80 हजार लोगों को भारतीय वायु सेना सहित अलग एजेंसियों ने वहां से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। करीब 4 सौ ट्रकों में जरूरी खाद्यान्न भेजा गया है। सेना ने लोगों की सहायता के लिए बेस अस्पताल शुरू करने के साथ ही कई जगह मेडिकल कैंप लगाए। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दवाएं भेजी गई हैं। वहीं राहत कैंप, टेंट और कंबल भी लोगों को बांटे गए हैं।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी जरूरी पेट्रोलियम पदार्थों की सुनिश्चितता के लिए कदम उठाए हैं। चिकित्सकों के दल विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों का इलाज कर रहे हैं।
------------------------------------