- Hindi News
- पालिका पार्किंग के ऊपर खुलेगा ओपन रेस्टोरेंट
पालिका पार्किंग के ऊपर खुलेगा ओपन रेस्टोरेंट
पालिका पार्किंग के ऊपर खुलेगा ओपन रेस्टोरेंट
नई दिल्ली . कनॉटप्लेस का लुत्फ उठाने वाले लोग अब रात में खुले आकाश के नीचे लजीज व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। कनॉट प्लेस स्थित पालिका पार्किंग मार्केट के ऊपर ओपन रेस्टोरेंट खोला जाएगा। नए साल के शुरू में यह रेस्टोरेंट चालू हो जाएगा। एनडीएमसी ने इसके लाइसेंस के लिए बिड की आखिरी तारीख 14 अक्टूबर निर्धारित की है। और पांच साल के लाइसेंस पर रेस्टोरेंट के लिए जगह अलॉट किया जाएगा। एनडीएमसी के अधिकारियों की दलील है कि ओपन रेस्टोरेंट से देर रात तक घूमने वाले लोग कनॉट प्लेस की भव्यता देख सकेंगे। चूंकि कनॉट प्लेस को रात्रि मार्केट में तब्दील करने की योजना पर काम चल रहा है। मेट्रो के आने के बाद रात्रि में कनॉट प्लेस में घूमने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है।
इसी को देखते हुए ओपन रेस्टोरेंट खोलने का निर्णय लिया गया। ओपन रेस्टोरेंट के लिए निविदा मांगी गई है। रेस्टोरेंट के लिए इच्छुक कंपनी को 5 हजार रुपए के पे ऑर्डर के साथ आवेदन करना होगा। फाइनेंस बिड में इच्छुक कंपनी के लिए तीन करोड़ के सालाना कारोबार की शर्त रखी गयी है। कंपनी को अपनी तीन साल की बैलेंस सीट भी जमा करानी होगी। अधिकारियों का कहना है कि सब कुछ ठीक रहा, तो बिड फाइनल होने के 30 दिन के भीतर कंपनी को लाइसेंस जारी कर दिया जायेगा। इच्छुक कंपनियों से ऑन लाइन बिड मांगी गयी हैं। अधिकारियों का कहना है कि कनॉट प्लेस में मौजूद रेस्टोरेंटों से यह थोड़ा अलग होगा।