- Hindi News
- मेक इन इंडिया के लिए बनी विशेषज्ञों की टीम
मेक इन इंडिया के लिए बनी विशेषज्ञों की टीम
नई दिल्ली. प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी 25 सितंबर को महत्वाकांक्षी मेक इन इंडिया अभियान की शुरूआत करेंगे। इसके लिए औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी ) ने आठ विशेषज्ञों का पैनल बनाया है। ये विशेषज्ञ देसी-विदेशी निवेशकों की मदद करेंगे और उनकी शिकायतें दूर करने का प्रयास करेंगे। राज्य सरकारों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए कहा गया है। इसके लिए डीआईपीपी ने कई राज्यों में बैठक भी की है। सरकार ने पिछले दिनों भारत में बिजनेस का माहौल सुधारने और मैन्युफैक्चरिंग में निवेश आकर्षित करने की घोषणा की थी। बिजनेस करने में आसानी पर विश्व बैंक की रिपोर्ट में भारत 189 देशों की सूची में 134वें स्थान पर है। अभी देश में कारोबार शुरू करने के लिए किसी भी उद्यमी को 12 प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है।
इसमें कम से कम 27 दिन लगते हैं। समझौतों पर अमल में तो वर्षों लग जाते हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसे आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। आवेदनों को मंजूरी देने की समय सीमा तय की गई है।
इसके अलावा रक्षा और रेलवे में कुछ चीजों के निर्माण को लाइसेंस से मुक्त कर दिया है। अधिकारी के मुताबिक इसके बाद इन सेक्टरों में निवेश के लिए पूछ-परख काफी बढ़ गई है।
25 सेक्टर चुने गए---
मेक इन इंडिया अभियान के लिए करीब 25 सेक्टर का चयन किया गया है। इसमें ऑटो, विमानन, बायोटेक, कंस्ट्रक्शन, रसायन, इलेक्ट्रिकल मशीनली, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग, आईटी-बीपीओ, टेक्सटाइल, ताप बिजली, रेलवे, फार्मा, सड़क और हाइवे शामिल हैं। उक्त अधिकारी ने बताया कि इन सेक्टरों में निवेश आकर्षित करने की काफी संभावनाएं हैं।