- Hindi News
- डीडीए हाउसिंग स्कीम: 41 फ्लैटों की कीमतों में भारी इजाफा
डीडीए हाउसिंग स्कीम: 41 फ्लैटों की कीमतों में भारी इजाफा
{शालीमार बाग और रोहिणी सेक्टर 20 एवं 25 में निर्मित कुछ फ्लैटों के दाम 2 से 9 लाख तक बढ़े
भास्करन्यूज | नई दिल्ली
दिल्लीविकास प्राधिकरण ने ड्रॉ से पहले ही फ्लैटों की कीमत में भारी वृद्धि कर दी है। हाउसिंग स्कीम के 41 फ्लैटों की कीमत में 2 लाख से लेकर 9 लाख रुपए तक का इजाफा किया गया है। अब 37 लाख के फ्लैट के लिए सफल आवेदकों को 46.50 लाख रुपए का भुगतान करना होगा।
डीडीए हाउसिंग स्कीम के तहत 25 हजार फ्लैटों के ड्रॉ की घोषणा की गई है और इस बाबत 1 सितंबर से आवेदन फार्म की बिक्री भी शुरू कर दी गई है। लेकिन पिछले 20 दिनों के दौरान लगभग 10 लाख फार्मों की बिक्री होने के बाद डीडीए ने अचानक दो इलाकों में फ्लैटों की कीमतों में भारी वृद्धि कर दी है। शालीमार बाग स्थित एचआईजी फ्लैट की कीमत 37.50 लाख रुपए से बढ़ाकर 46.50 लाख रुपए कर दिया गया है।
इसी तरह रोहिणी सेक्टर 20 एवं 25 में निर्मित किए गए विस्तारणीय आवास योजना टाइप के तहत आने वाले फ्लैटों की कीमत 19.80 लाख रुपए से बढ़ाकर 21.40 लाख रुपए कर दिए गए हैं। रोहिणी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता राहुल गुप्ता का कहना है कि योजना की घोषणा होने के 20 दिनों बाद डीडीए का यह फैसला आम लोगों के हितों के विपरीत है। देशभर में लगभग 10 लाख से ज्यादा लोगों ने फार्म खरीद लिया है। मयूर विहार निवासी निर्मला देवी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि डीडीए ने पहले कीमतें ज्यादा निर्धारित की है और अब इनकी कीमतें बढ़ाना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है, क्योंकि फ्लैटों का मरम्मत कार्य कब्जा के बाद दोबारा कराना पड़ता है।