बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ी
नई दिल्ली | उत्तरप्रदेशके बुलंदशहर जिले में सोमवार शाम को हुए बस हादसे में झुलसे 71 लोगों को उपचार के लिए दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, हादसे के तीसरे दिन चार और लोगों ने दम तोड़ दिया। अब तक हादसे में मरने वालों की संख्या 13 हो गई है। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनके नाम शांति, द्रोपदी, प्रभाकर एक अन्य व्यक्ति है। बता दें कि मंगलवार को सफदरजंग, आरएमएल लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराए गए नौ लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे में झुलसे हुए अन्य लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।सफदरजंग अस्पताल में कुल 26 लोगों को भर्ती कराया गया, जिनमें से अब तक 9 की मौत हो गई। आरएमएल अस्पताल में 27 लोग भर्ती कराए गए। फिलहाल, सफदरजंग अस्पताल में 17, आरएमएल में 25 लोकनायक अस्पताल में 16 पीड़ितों का इलाज चल रहा है।