इंजीनियरों का होगा ट्रांसफर
नई दिल्ली | उत्तरीनिगम के निर्माण समिति के अध्यक्ष प्रवेश वाही ने कहा है कि भवन विभाग में जेई, एई, ईई, एसई जो पिछले 3 वर्षों या इससे भी अधिक समय से कार्यरत हैं उनका तत्काल तबादला किया जाएगा। वाही ने बताया कि इन अभियंताओं के एक ही स्थान पर कई वर्षों से रहने के कारण क्षेत्र में लोगों तथा ठेकेदारों से इनके सांठ-गांठ की आशंका है और इनके इशारों पर ही धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहे हैं। इससे क्षेत्र में आए दिन मकान गिरने तथा उससे होने वाले जान-माल के नुकसान की शिकायतें मिलती हैं। इससे निगम की छवि धूमिल हो रही है। इस मामले को दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी संज्ञान में लिया है। उन्होंने बताया कि इंजीनियरों के एक स्थान पर रहने की न्यूनतम अधिकतम समय सीमा निश्चित की जाए ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके और निगम की छवि साफ-सुथरी हो। यह विषय आज स्थायी समिति की बैठक में देवेंद्र सोलंकी ने उठाया था। इस विषय में निगमायुक्त को अगली बैठक में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए कि कौन कहां-2 कितने दिनों से पदभार संभाल रहा है।