- Hindi News
- सूखा बाढ़ के मसले पर कांग्रेस राजद सदस्यों का वाकआउट
सूखा-बाढ़ के मसले पर कांग्रेस राजद सदस्यों का वाकआउट
महाराष्ट्रसहितदेश के अन्य हिस्सों में सूखे के बारे में लोकसभा में हुई चर्चा पर सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के सदस्यों ने मंगलवार को सदन से बहिर्गमन किया। जम्मू-कश्मीर में बाढ़, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवाती तूफान हुदहुद और महाराष्ट्र में सूखा विषय पर नियम 193 के तहत हुई चर्चा पर गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने सोमवार को जवाब दे दिया था।
उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र में सूखे का विषय कृषि मंत्रालय से संबंधित है और वह इस पर नहीं बोले। इस पर विपक्षी सदस्यों ने कृषि मंत्री से जवाब की मांग की थी जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया था।
कृषि मंत्री राधामोहन सिंह के जवाब देने से पहले संसदीय कार्य राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि कृषि मंत्री ने चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए विस्तार से जवाब दिया था और फिर चर्चा का जवाब भी दे रहे हैं। ऐसा संसद के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। इस पर कांग्रेस के सदस्यों ने आपत्ति की और कुछ देर तक सदन में हंगामा चलता रहा। आखिरकार पीठासीन अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने सूखा घोषित करने में देरी की थी लेकिन केंद्र सरकार ने इस पर तत्परता के साथ काम करते हुए अपनी टीम वहां भेजी। रिपोर्ट आने के बाद महाराष्ट्र को पूरी मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है और इस पर पूरी गंभीरता दिखाई जानी चाहिए। लेकिन उनके इस जवाब पर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के सदस्य संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने बहिर्गमन किया।