- Hindi News
- तेल की घटी कीमतों का फायदा उपभोक्ताओं को मिले : कांग्रेस
तेल की घटी कीमतों का फायदा उपभोक्ताओं को मिले : कांग्रेस
कांग्रेसनेमंगलवार को संसद में मांग की कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की घटी कीमतों का फायदा उपभोक्ताओं को मिलना चाहिए। कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत 140 डाॅलर प्रति बैरल से घटकर 65 से 70 डॉलर तक नीचे गई है। लेकिन इसका फायदा उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा है। जब पेट्रोल-डीजल की कीमतों को बाजार आधारित कर दिया गया है तो फिर इनकी कीमतों में कमी क्यों नहीं की जा रही है।
खड़गे ने कहा कि कच्चे तेल की घटी कीमतों का फायदा उपभोक्ताओं को देने के बजाय सरकार अपना घाटा कम करने पर लगी है जो अच्छी बात नहीं है। उन्होंने मांग की कि सरकार को इस बारे में सदन में बयान देना चाहिए। आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन ने भी खड़गे की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने संसद को विश्वास में लिए बिना यह फैसला किया है। खड़गे ने कहा कि वे पिछले शुक्रवार को भी इस मुद्दे को उठाना चाहते थे, लेकिन हंगामे के कारण ऐसा नहीं कर सके।
गौरतलब है कि सरकार ने कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद उपभोक्ताओं को इसका फायदा देते हुए 2 दिसंबर को पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने की घोषणा की थी। पेट्रोल पर यह 2.25 रुपए और डीजल पर एक रुपए प्रति लीटर बढ़ाया गया है। नवंबर में भी इन पर उत्पाद शुल्क एक-एक रुपया बढ़ाया गया था। वित्त मंत्री ने कहा है कि इससे सरकार को मार्च 2015 तक 10,500 करोड़ रुपए की अतिरिक्त कमाई होगी।