- Hindi News
- एक्सिस बैंक 10.40 फीसदी फिक्स्ड रेट पर देगा होम लोन
एक्सिस बैंक 10.40 फीसदी फिक्स्ड रेट पर देगा होम लोन
निजीक्षेत्र के एक्सिस बैंक ने किफायती होम लोन का ऐलान किया है। बैंक महानगरों में 20 वर्ष की अवधि का 50 लाख रुपए तक का कर्ज 10.40 फीसदी फिक्स्ड ब्याज दर पर मुहैया कराएगा। इसमें प्रॉपर्टी की अधिकतम कीमत 65 लाख रुपए होगी। दूसरे शहरों में बैंक 40 लाख रुपए तक का कर्ज इस ब्याज दर पर देगा। इसमें प्रॉपर्टी की अधिकतम कीमत 50 लाख रुपए होगी। घर की कीमत सीमा से अधिक होने पर बैंक 20 साल का कर्ज 11.75 फीसदी फिक्स्ड रेट पर देगा। स्व रोजगार वालों को 10.65 फीसदी फिक्सड रेट पर कर्ज मिलेगा।
यह ऑफर सीमित अवधि के लिए है।
यह ब्याज दर बैंक के बेस रेट 10.15 फीसदी से 0.25 फीसदी ज्यादा है। बैंक की रिटेल लेंडिंग शाखा के प्रेसिडेंट जयराम श्रीधरन ने बताया कि ग्राहक कुछ फीस देकर अपने कर्ज को फिक्स्ड से फ्लोटिंग में बदल सकते हैं। समय से पहले पूरे कर्ज का भुगतान करने पर बकाया राशि का दो फीसदी जुर्माना देना होगा। उन्होंने साफ किया कि प्रीपेमेंट पर शुल्क नहीं लेने का रिजर्व बैंक का आदेश फ्लोटिंग रेट वाले कर्ज के लिए है, फिक्स्ड रेट वालों के लिए नहीं।