पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आफरीदी जयवर्द्धने होंगे सबसे अनुभवी

आफरीदी जयवर्द्धने होंगे सबसे अनुभवी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ऑस्ट्रेलियाऔर न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में अगले साल होने वाले आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप में श्रीलंका के महेला जयवर्द्धने और पाकिस्तान के शाहिद आफ़रीदी सबसे अनुभवी खिलाड़ी होंगे। दोनों ने 1999 वर्ल्डकप में पहली बार हिस्सा लिया था। उसके बाद से इन्हें सभी वर्ल्डकप में खेलने का गौरव हासिल है।

जयवर्द्धने दो वर्ल्डकप का फाइनल खेल चुके हैं। 2007 और 2011 में श्रीलंकाई टीम फाइनल में पहुंची थी। 2003 में श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुंचा था, तब भी महेला टीम में शामिल थे। शाहिद आफरीदी 1999 वर्ल्डकप के फाइनल में पहुंचने वाली पाकिस्तानी टीम के सदस्य थे। 2011 में हुए पिछले वर्ल्डकप में शाहिद आफरीदी की कप्तानी में पाक टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

वर्ल्डकप के लिए सभी 14 टीमों ने 30 संभावितों की घोषणा कर दी है। आखिरी टीम की घोषणा जनवरी के दूसरे सप्ताह में होगी। अगर दोनों खिलाड़ी फाइनल टीम में जगह बनाने में कामयाब रहते हैं, तो वे पांच वर्ल्डकप खेलने वाले नायाब क्लब में शामिल हो जाएंगे।

वहीं जेम्स एंडरसन, क्रिस गेल, ब्रेंडन मैकुलम, यूनुस ख़ान, रॉबिन पीटरसन, कुमार संगकारा और डेनियल वेटोरी के लिए यह चौथा वर्ल्डकप हो सकता है।

1996 के बाद संयुक्त अरब अमीरात पहली बार वर्ल्डकप में खेल रहा है। उसकी संभावित टीम में 43 साल के खुर्रम खान को शामिल किया गया है। वे वर्ल्डकप के सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी होंगे। वहीं 15 साल के योधिन पंजा वर्ल्डकप के सबसे छोटे खिलाड़ी बनने के लिए तैयार हैं।

वर्ल्डकप में टेस्ट खेलने वाले 10 देश - ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, भारत, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्ट इंडीज़, इंग्लैंड, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे के अलावा चार क्वॉलिफ़ायर्स टीमें हैं - आयरलैंड, अफ़गानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात और स्कॉटलैंड। 14 मैदानों पर वर्ल्ड कप के 49 मैच खेले जाएंगे। सभी 14 टीमों को सात−सात के ग्रुप में बांटा गया है।

सर्वािधक 6 वर्ल्डकप खेले सचिन और मियादाद ने

सबसेज्यादा छह वर्ल्डकप खेलने का रिकॉर्ड भारत के सचिन तेंडुलकर और पाकिस्तान के जावेद मियादाद के नाम है। वहीं अभी तक 5 वर्ल्डकप में खेलने का गौरव वसीम अकरम, शिवनारायण चंद्रपॉल, अरविंद डि सिल्वा, इंजमाम, जयसूर्या, कैलिस, इमरान खान, लारा, मुरलीधरन, थॉमस ओडोयो, रिकी पोंटिंग, रणतुंगा और टिकोलो को हासिल है।