पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • \"आईपीयू का पूर्वी दिल्ली परिसर बनेगा दूसरी यूनिवर्सिटीज के लिए उदाहरण\'

\"आईपीयू का पूर्वी दिल्ली परिसर बनेगा दूसरी यूनिवर्सिटीज के लिए उदाहरण\'

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
{एचआरडी मंत्री स्मृति ईरानी ने पूर्वी दिल्ली परिसर शिलान्यास समारोह में यह बात कही

भास्करन्यूज | नई दिल्ली

गुरुगोविंदसिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) का पूर्वी दिल्ली कैंपस केवल सोलर पैनल से पैदा होने वाली बिजली से अपने कैंपस को रोशन करेगा, बल्कि दिल्ली के लिए भी बिजली पैदा करेगा।

इसके अलावा कैंपस में जलशोधन संयंत्र की सहायता से दूषित जल को स्वच्छ कर इस्तेमाल किया जाएगा और रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाकर वर्षा जल संरक्षण की व्यवस्था की जाएगी।

यहां यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग और यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डिजाइन में छह कोर्स की पढ़ाई होगी और अंतिम वर्ष के छात्रों को दिल्ली नगर निगम में कार्यानुभव का मौका दिया जाएगा। यह कैंपस देश की अन्य यूनिवर्सिटीज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करेगा, जिसमें समाज को देने की सीख शामिल है। यह बातें केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री स्मृति जुबीन ईरानी ने रविवार को सूरजमल विहार में आईपीयू के पूर्वी दिल्ली परिसर शिलान्यास समारोह में कही। समारोह में सांसद महेश गिरी ने कहा कि 15 सालों में पिछली सरकार एक कॉलेज तक शुरू नहीं कर सकी, हां शराब के ठेके जरूर खोले और 49 दिनों की सरकार ने केवल मुंह खोला और कुछ नहीं किया। अब भाजपा की सरकार स्कूल और कॉलेज खोलने जा रही है। आईपीयू में 80 फीसदी सीटें दिल्ली के छात्रों को मिलती हैं। ऐसे में यहां कैंपस बनने से दिल्ली की 40 फीसदी आबादी को लाभ होगा, क्योंकि इतनी आबादी पूर्वी दिल्ली में रहती है।

यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अनिल त्यागी ने कहा कि विश्वविद्यालय के कैंपस का निर्माण 18.75 एकड़ पर होगा और इसके निर्माण कार्य पर 271 करोड़ रुपए खर्च होंगे। निर्माण कार्य दो साल में पूरा हो जाएगा। छात्रों को अंतिम वर्ष में कार्यानुभव देने के लिए एमसीडी के साथ करार किया जाएगा।