- Hindi News
- नई दिल्ली में अंतिम राउंड तक विरोधियों पर भारी पड़े अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली में अंतिम राउंड तक विरोधियों पर भारी पड़े अरविंद केजरीवाल
भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस को मिले कुल वोटों से ज्यादा मिले आप संयोजक को
नईदिल्ली | आमआदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली के सभी इलाकों के लोगों ने दिल खोलकर वोट दिया है। फलस्वरूप केजरीवाल अपने सभी 16 राउंड की मतगणना में अपने विरोधियों पर भारी पड़े। केजरीवाल ने पूर्व की अपेक्षा इस बार अपने प्रतिद्वंदी को ज्यादा मतों से पटखनी दी है। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 25 हजार 864 वोटों से हराया था और इस बार अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा की नुपूर शर्मा को 31 हजार 583 वोटों से शिकस्त दी। पहले राउंड में ही केजरीवाल भाजपा प्रत्याशी से तीन गुना से ज्यादा मतों से आगे हो गए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी से 16 गुना ज्यादा वोट मिला। यह सिलसिला 16वें राउंड तक जारी रहा। रोचक बात यह है कि सभी राउंड में केजरीवाल लगातार आगे होते रहे। नई दिल्ली में डाले गए कुल 88,225 वोटों में से 56,673 वोट अरविंद केजरीवाल को मिले, जबकि भाजपा की नुपूर शर्मा को 25,277 वोटों और कांग्रेस की किरण वालिया को मात्र 4708 वोट से ही संतोष करना पड़ा। केजरीवाल को भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को मिले कुल मतों से लगभग दोगुना ज्यादा मत मिले।