सोशल मीडिया में छाई रही ‘आप’ की जीत
नई दिल्ली| दिल्लीविधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार जीत का मुद्दा मंगलवार को पूरे दिन सोशल मीडिया में छाया रहा। ज्यादातर लोग अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी को बधाई संदेश देते नजर आए। ‘आप स्वीप’,‘आप की दिल्ली’,‘किसकी दिल्ली’ और ‘दिल्ली विधानसभा’ जैसे हैशटैग के जरिए देश भर से दिन भर कई ट्वीट और फेसबुक पोस्ट किए गए। अभिनेत्री शबाना आजमी ने लिखा,‘भारतीय मतदाता हमारे सम्मान के काबिल हैं। ‘आप’ को बधाई। दिल्ली ने कह दिया अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों। अब गेंद आपके पाले में है।’ फिल्मकार प्रीतीश नंदी ने ट्वीट किया,‘भारतीय वोटर बहुत समझदार है। उन्हें कभी नजरंदाज नहीं करना चाहिए। उन्हें अपनी ताकत का अहसास है।’ फिल्म निर्देशक शेखर कपूर ने लिखा,‘और अरविंद केजरीवाल, अब आपके लिए वक्त है कि यह साबित करके दिखाएं कि आप उस भरोसे के काबिल हैं जो वोटरों ने आप पर किया है।’ ‘आप’ नेता और अभिनेत्री गुल पनाग ने लिखा,‘यह जीत इसलिए खास है कि सभी प्रतिकूल परिस्थितियों में यह लड़ाई जीती गई है। ‘आप’ के कार्यकर्ताओं के प्रयास और उर्जा को मैं नमन करती हूं।’
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केजरीवाल को बधाई दी और लिखा,‘अरविंद केजरीवाल से बात की और जीत पर उन्हें बधाई दी दिल्ली के विकास में उन्हें केंद्र के पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया।’