पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राजौरी गार्डन में सामने आई तूफान के आगे दीये की जीत

राजौरी गार्डन में सामने आई तूफान के आगे दीये की जीत

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नेशनल ब्यूरो | नई दिल्ली. दिल्लीविधानसभा चुनाव में सबसे रोचक मुकाबला राजौरी गार्डन में सामने आया। यहां पर एक पूर्व पत्रकार और दिल्ली विधानसभा के सबसे अमीर उम्मीदवार के बीच जनता को चुनाव करना था और जनता ने यह साबित कर दिया कि वह तूफान और दीये की लड़ाई में दीये के साथ ही रहती है। उसे चकाचौंध से प्रभावित नहीं किया जा सकता है। इस जीत के बाद अब उम्मीद बढ़ गई है कि यहां से विजयी हुए आप के उम्मीदवार जरनैल सिंह को पंजाब चुनाव के मद्देनजर दिल्ली सरकार में बड़ी भूमिका मिल सकती है। उन्हें केजरीवाल सरकार में मंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है। वह दिल्ली चुनाव में आप की ओर से 84 दंगा पीड़ितों का चेहरा भी थे।

राजौरी गार्डन से भाजपा- अकाली दल के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में मनजिंदर सिंह सिरसा थे। सिरसा की बात करें तो वह दिल्ली चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवार थे। साल में करीब 5 करोड़ रुपये कमाने वाले सिरसा ने अपने एफिडेविट में अपनी चल-अचल संपत्ति की जानकारी देते हुए कहा था कि उनके पास 239 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। जबकि उनके मुकाबले आप के उम्मीदवार जरनैल ने करीब 2 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति घोषित की थी। चुनावी नतीजे जब आने शुरू हुए तो शुरुआती ट्रेंड में भी जरनैल सिंह पीछे चल रहे थे। लेकिन कुछ बूथों के बाद जरनैल अचानक आगे आए और उसके बाद उनकी जीत की घोषणा हो गई। माना जा रहा कि उन्हें दिल्ली सरकार में उचित पद मिल सकता है। खासकर ऐसे समय में जब पंजाब के चुनाव सामने हैं और वहां भी सरकार बनाने को लेकर आप पूरी तैयारी कर रही है।

पंजाब में उसके चार सांसद भी हैं।