चार साल के निचले स्तर पर चीनी की कीमतें
नई दिल्ली | देशमें चीनी की कीमतें करीब चार साल के निचले स्तर पर हैं। पश्चिम बाजार (महाराष्ट्र) में चीनी एस 30 क्वालिटी के भाव 2350 रुपए प्रति क्विंटल पर गए हैं, जो पिछले कई वर्षों का निचला स्तर है। चीनी की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण मिलों पर गन्ना किसानों के भुगतान का दबाव है। साथ ही इस साल भी चीनी का उत्पादन मांग से ज्यादा होने की संभावना है जिसके चलते कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है। इंडस्ट्री का मानना है कि सरकार अगर जल्द एक्सपोर्ट सब्सिडी पर फैसला नहीं लेती तो कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्री लिमिटेड के एमडी एम जी जोशी के मुताबिक अभी शुगर मिल्स को 6 से 7 रुपए प्रति किलो का नुकसान हो रहा है। मिल्स की लागत 3200 रुपए प्रति क्विंटल की है। जबकि महाराष्ट्र में भाव 2350 रुपए प्रति क्विंटल का है।
मिल्स गन्ने के निकलने वाले अन्य उत्पाद की बिक्री से कुछ रिकवरी कर लेती हैं जिसके चलते अभी मिलों को करीब 700 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है।