- Hindi News
- एयरपोर्ट से बाहर निकलते वक्त क्रू की कस्टम जांच सुनिश्चित करे एअर इंडिया
एयरपोर्ट से बाहर निकलते वक्त क्रू की कस्टम जांच सुनिश्चित करे एअर इंडिया
कस्टमविभाग ने एअर इंडिया के पायलट और क्रू मेंबर्स का कस्टम जांच कराए बिना एयरपोर्ट से बाहर निकलने को “बड़ा सुरक्षा जोखिम’ बताया है। एयरलाइन का स्टाफ मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 से बाहर निकलता है। विभाग ने एयरलाइन को इस संबंध में अवगत कराया है और उसका स्टाफ नियमानुसार कस्टम जांच कराएं, यह सुनिश्चित करने को कहा है।
एयरलाइन के दो कर्मचारी - निहाल प्रजापति और सिद्धेश पाटील को विभाग ने 78 लाख रुपए मूल्य के सोने की तस्करी करते रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट के असिस्टेंट कमिश्नर ने मंगलवार को इस संबंध में एअर इंडिया को पत्र लिखा है। इससे पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) भी एयर इंडिया क्रू मेंबर्स द्वारा तस्करी करने के आरोप की जांच कर चुका है। इसके बाद निदेशालय के डीजी नजीब शाह ने भी एअर इंडिया को पत्र लिखकर ऐसे स्टाफ की पहचान करने को कहा था कि जिन पर उसे तस्करी करने का शक हो, खासकर ऐसा स्टाफ जो ग्राउंड हैंडलिंग ड्यूटी में रहता है।
सूत्रों ने बताया कि डीआरआई ने वर्ष 2013 में एक एयर होस्टेस और उसकी सहेली को कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर छह किलो सोने की तस्करी करने का प्रयास करते पकड़ा था। इसी साल अक्टूबर में दुबई से चेन्नई पहुंचे एअर इंडिया के एक विमान के टॉयलेट से 15 करोड़ रुपए मूल्य के 32 किलो सोने के बिस्किट बरामद हुए थे। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।