दो मणिपुरी छात्रों पर हमला
दो मणिपुरी छात्रों पर हमला
नई दिल्ली | नस्लीटिप्पणी का विरोध करने पर मणिपुर के दो युवकों पर शनिवार को तीन लोगों ने हमला किया। हमलावरों में दो किशोर हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब नौ बजे दक्षिण दिल्ली के मुनिरका में बाबूलाल चौक पर हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लैथ गाेलाइन (21) और बायलेन (21) पास ही में खरीदारी के लिए गए थे तभी तीनों ने उनके खिलाफ नस्ली टिप्पणी की। मणिपुरी युवकों के विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गर्मागम बहस हुई और आरोपियों ने कैंची, पत्थर और लोहे की छड़ों से हमला किया जो वहीं एक निर्माण स्थल पर पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि पीड़ितों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां लैथ को प्राथमिक चिकित्सा के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि बायलेन का अब भी इलाज चल रहा है। अधिकारी के अनुसार आरोपी घटना के बाद वहां से फरार हो गए लेकिन बाद में उन्हें पकड़ लिया गया। मणिपुरी युवक दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र हैं।