पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • द्वारका नोएडा मेट्रो लाइन में खराबी, यात्री घंटों रहे परेशान

द्वारका-नोएडा मेट्रो लाइन में खराबी, यात्री घंटों रहे परेशान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दिल्लीकी जीवन रेखा कही जाने वाली मेट्रो रेल में बुधवार सुबह एक बार फिर से खराबी गई। द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा सिटी सेंटर की ओर चलने वाली ब्लू लाइन मेट्रो सेवा इससे घंटे भर प्रभावित रही। ऐसे में घर से दफ्तर के लिए निकले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मेट्रो ब्लू लाइन पर सुबह करीब 9.15 बजे द्वारका सेक्टर-14 से नोएडा की ओर जा रही ट्रेन में पावर सप्लाई बाधित हो गई। मेट्रो प्रशासन द्वारा बताया जा रहा है कि उस समय ट्रेन में करीब 500 यात्री थे। हालांकि ट्रैक के दूसरी तरफ की मेट्रो अपने निर्धारित समय से चलती रही और खराब मेट्रो को दुरुस्त करने और ट्रैक पर मेट्रो का संचालन सामान्य होने में करीब एक घंटे का समय लगा।

बाराखंभा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले हरीश ने बताया कि उसे दस बजे तक कार्यालय पहुंचना होता है। लेकिन मेट्रो की खराबी के चलते उसे दस तो यहीं स्टेशन पर ही बज गए। ऐसे ही और भी पैसेंजर थे, जिन्हें राजीव चौक से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए मेट्रो बदलनी थी और वहां से उन्हें अपने गंतव्य स्थान के लिए ट्रेन पकड़नी थी। ऐसे कई यात्री मेट्रो में आई खराबी से परेशान थे।

इस बारे में दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रवक्ता ने कहा कि ट्रेन की खराबी को दूर करने में करीब एक घंटे का समय लगा। सूचना मिलते ही सेक्टर-14 की ब्लू लाइन पर खड़ी मेट्रो को सेवा से हटाकर मरम्मत के लिए ले जाना पड़ा। खराब ट्रेन को पटरी से हटाकर दूसरी ट्रेन लाई गई इसमें करीब एक घंटे का समय लगा, तब जाकर सेवा बहाल हो सकी। हालांकि मेट्रो की ओर से ट्रेन में सवार यात्रियों को खराबी की सूचना देकर ट्रेन से उतरने के लिए सूचित किया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि मेट्रो की अन्य किसी लाइन में कोई खराबी नहीं थी, ट्रेन में पावर सप्लाई बंद होने की शिकायत बताई जा रही है, फिलहाल वर्कशॉप में ट्रेन की जांच के बाद ही यह पता चलेगा कि ट्रेन में क्या खराबी आई और क्यों?