- Hindi News
- कश्मीर पर कोई वार्ताकार नियुक्त नहीं किया जाएगा: राजनाथ
कश्मीर पर कोई वार्ताकार नियुक्त नहीं किया जाएगा: राजनाथ
केंद्रीयगृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर पर किसी भी वार्ताकार की नियुक्ति से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में इस तरह की परिपाटी कारगर नहीं रही है। राजनाथ ने यह भी स्पष्ट किया कि वह वार्ता के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेंस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि वह उन राष्ट्र विरोधियों के साथ ऐसी वार्ता करने के खिलाफ हैं जिसका कोई निष्कर्ष नहीं निकलता हो और जो इसके जरिये अपनी राजनैतिक छवि चमकाना चाहते हैं।
गृह मंत्री से पूछा गया था, चूंकि संयुक्त खुफिया प्रमुख एन. रवि को पूर्वोत्तर के लिए वार्ताकार नियुक्त किया गया है तो क्या कश्मीर के लिए भी इसी तरह के किसी प्रस्ताव की कोई संभावना है। पाक्षिक पत्रिका‘गवर्नेंस नाउ’ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘कब तक हम वार्ताकारों की नियुक्ति करते रह सकते हैं। पूर्व की जो परिपाटी रही है उसे अवश्य बंद कर देना चाहिए। इसलिए, मैं जम्मू-कश्मीर के लिए वार्ताकार नियुक्त करने के पक्ष में नहीं हूं।’ उन्होंने कहा कि अब वार्ताकारों को नियुक्त करने पर पुनर्विचार करने का समय गया है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैं बातचीत के खिलाफ नहीं हूं। लेकिन मैं किसी ऐसी वार्ता के पक्ष में नहीं हूं जिसका कोई निष्कर्ष नहीं निकलने वाला हो। गौरतलब है कि यूपीए सरकार के शासनकाल के दौरान शिक्षाविद राधा कुमार, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप पडगांवकर और एमएम अंसारी को कश्मीर पर वार्ताकार नियुक्त किया गया था।