- Hindi News
- प्रगति मैदान की सुरक्षा सीआईएसएफ के हवाले
प्रगति मैदान की सुरक्षा सीआईएसएफ के हवाले
नई दिल्ली। इंडियाट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के अंतर्गत आने वाले प्रगति मैदान पर आतंकियों की टेड़ी नजर को देखते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ को सौंप दी गई है। सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार प्रगति मैदान की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ ने असिस्टेंट कमांडेंट के नेतृत्व में करीब 100 कमांडो तैनात किया हैं। इसके अतिरिक्त आतंकी हमलों की स्थित में त्वरित कार्रवाई के लिए अत्याधुनिक हथियारों से लैस क्विक रिएक्शन टीम को भी तैनात किया गया है। क्विक रिएक्शन टीम सहित सहित सीआईएसएफ के कमांडो प्रगति मैदान के भीतर स्थित संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा अपने हाथों में ले ली है।
इसके अतिरिक्त प्रगति मैदान के सभी गेटों पर आईटीपीओ के गार्ड को हटाकर सीआईएसएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है। हालांकि प्रगति मैदान के भीतर बने अन्य हॉल की सुरक्षा में अभी भी आईटीपीओ के निजी सुरक्षा गार्डों को तैनात किया गया है। प्रगति मैदान की सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए सीआईएसएफ ने सर्विलांस उपकरणों सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की मांग आईटीपीओ के समक्ष रखी है। जिसे जल्द ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रगति मैदान हर वर्ष व्यापार मेला, पुस्तक मेला, सुरक्षा मेला और रक्षा मेले जैसे विश्व स्तरीय आयोजन करता है। इन आयोजनों में शामिल होने वलो दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आईटीपीओ ने करीब एक साल पहले सीआईएसएफ से सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।