- Hindi News
- साध्वी के बयान पर बवाल थमा राज्यसभा में शुरू हुआ कामकाज
साध्वी के बयान पर बवाल थमा राज्यसभा में शुरू हुआ कामकाज
साध्वी निरंजन ज्योति के मुद्दे पर संसद में पिछले सप्ताह बने गतिरोध के समाप्त होने के बाद सरकार ने सोमवार को लंबित मुद्दों को निपटाने के लिए विपक्ष का समर्थन मांगा। साध्वी के विवादास्पद बयान पर बने गतिरोध के समाप्त होने के बाद संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि एजेंडे में काफी विषय हैं। विधेयकों पर चर्चा और निर्णय होना है। और कई अन्य विषय हैं जिन्हें विपक्ष के मित्र उठाना चाहते हैं। इससे पहले राज्यसभा में सभापति हामिद अंसारी ने सभी सदस्यों एवं राजनीतिक दलों से सौम्यता बनाये रखने की अपील की थी। संसदीय कार्य मंत्री का बयान ऐसे समय में सामने आया है जब सरकार ने इस सप्ताह संसद के एजेंडे में काफी विषय रखे हैं। इनमें कोयला ब्लाक आवंटन अध्यादेश के स्थान पर विधेयक लाना, कपड़ा उद्यम राष्ट्रीयकरण कानून संशोधन एवं विधिमान्यकरण अध्यादेश के स्थान पर विधेयक लाना शामिल है। इसके अलावा एंटी हाइजैकिंग विधेयक और अनुदान की अनुपूरक मांग एवं संबंधित विनियोग विधेयक तथा भुगतान एवं निपटारा प्रणाली संशोधन विधेयक 2014 और अनुपूरक अधिनियम निरसन विधेयक 2014 शामिल है। राज्यसभा में भी कई विधेयक हैं जिन्हें सत्र के दूसरे सप्ताह में व्यवधान के कारण नहीं लिया जा सका।
निरंजन की नुक्कड़ सभा की जगह बदली गई
इसबीच, भाजपा ने निरंजन ज्योति की दिल्ली में एक नुक्कड़ सभा की जगह बदल दी है। उसने पुलिस के निर्देश पर ऐसा किया। पहले यह सभा सोमवार को त्रिलोकपुरी के ब्लॉक-36 में होनी थी। इस इलाके में कुछ दिन पहले सांप्रदायिक तनाव हो गया था। इसे देखते हुए नुक्कड़ सभा की जगह ब्लॉक-34 कर दी गई।