सबके लिए आवास योजना जल्द
सरकारनेदेश में करीब तीन करोड़ बेघर लोगों की पहचान की है। इन सभी को आवास मुहैया कराने के लिए सरकार जल्द ही सस्ते मकानों की योजना लाएगी। शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडु ने लोकसभा में बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे इस संबंध में जल्द ही एक प्रस्ताव मंजूरी के लिए कैबिनेट के समक्ष रखेंगे और सदन को इसकी जानकारी से अवगत कराएंगे। वेंकैया ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार 2022 तक सभी को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के प्रयासों के तहत सरकार शहरी गरीबों के लिए इंटीग्रेटेड हाउसिंग की योजना लाने पर काम कर रही है। इसमें निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जाएगा। एक पूरक प्रश्न के उत्तर में वेंकैया ने बताया कि सरकार तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात के मॉडल का अध्ययन करने के बाद झुग्गी पुनर्वास विकास योजना पर भी काम कर रही है।
इस दौरान उन्होंने चेन्नई मॉडल की तारीफ भी की।