- Hindi News
- 1000 की मासिक पेंशन ताउम्र देने पर विचार कर रहा श्रम मंत्रालय
1000 की मासिक पेंशन ताउम्र देने पर विचार कर रहा श्रम मंत्रालय
{ईपीएस योजना के तहत आने वाले 28 लाख पेंशनरों को मिलेगा फायदा
एजेंसी| नई दिल्ली
केंद्रसरकार15,000 रुपए से कम मासिक आमदनी वाले कर्मचारियों को न्यूनतम 1,000 रुपए की मासिक पेंशन उम्रभर उपलब्ध कराने पर विचार कर रही है। इसके अमल में आने पर कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) के तहत आनेवाले करीब 28 लाख पेंशनरों को फायदा मिलेगा। श्रम मंत्रालय ने इस साल अगस्त में ईपीएस के तहत ऐसे कर्मचारियों न्यूनतम एक हजार रुपए की मासिक पेंशन उपलब्ध कराने की अधिसूचना जारी की थी। अब मंत्रालय की मंशा इस योजना के अंशधारकों को पेंशन लाभ जीवनभर उपलब्ध कराने की है। घटनाक्रम से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को जब यह अधिसूचना जारी हुई थी तब ईपीएस अंशधारकों के लिए इसका बेनिफिट इस वित्त वर्ष तक ही सीमित था। अब हम यह लाभ सदस्यों को उनके पूरे जीवनकाल तक उपलब्ध कराना चाहते हैं। इस मसले पर ईपीएफओ के शीर्ष निर्णयकारी निकाय सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की 19 दिसंबर को होने वाली बैठक में चर्चा होने की उम्मीद है। ईपीएस, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से जुड़ी योजना है। सूत्रों ने बताया कि ईपीएफओ ईपीएस योजना में संशोधन करने की योजना बना रहा है ताकि इस योजना को और व्यावहारिक बनाया जा सके। इसके अलावा ईपीएस की मूल्यांकन रिपोर्ट भी ट्रस्टियों के समक्ष पेश की जाएगी।
इससे स्कीम के तहत एक हजार रुपए की न्यूनतम पेंशन जीवनकाल तक देने से पड़ने वाले आर्थिक बोझ की तस्वीर भी साफ होगी। ईपीएस 1995 में शुरू की गई थी। इसका लाभ 28 लाख पेंशनधारकों को मिल रहा है, लेकिन इससे सरकार को भारी आर्थिक बोझ भी वहन करना पड़ रहा है।