- Hindi News
- यात्रा डाट कॉम में हिस्सेदारी बेचेगी रिलायंस कैपिटल
यात्रा डाट कॉम में हिस्सेदारी बेचेगी रिलायंस कैपिटल
ई-कामर्सक्षेत्र की गूंज का फायदा उठाने के लिए रिलायंस कैपिटल ने अपने प्रमुख पर्यटन पोर्टल यात्रा डाट काम की 16 फीसदी हिस्सेदारी 500 करोड़़ रुपए में बेचने की योजना बनाई है। इसके लिए कंपनी दो तीन अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से बातचीत कर रही है। अनिल अंबानी के रिलायंस समूह ने 2006 में 40 करोड़़ रुपए की राशि से इस पर्यटन पोर्टल की 16 फीसदी हिस्सेदारी अधिग्रहित की थी। अब कंपनी की 500 करोड़़ रुपए में इसकी हिस्सेदारी की बिक्री पेशकश कंपनी की ओर से पूर्व में निवेश की गई राशि का करीब 12 गुना है। सूत्रों ने बताया कि कंपनी इसकी बिक्री के लिए दो तीन अंतरराष्ट्रीय निवेशक कंपनियों से बातचीत कर रही है। हालांकि अभी उन निवेशकों की पहचान जाहिर नहीं हुई है।
पत्रकारों के संपर्क करने पर रिलायंस कैपिटल के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम शेयरधारकों के मूल्य में लगातार वृद्धि करने के लिए सभी अवसरों पर विचार कर रहे हैं।’ हालांकि कंपनी के प्रवक्ता ने इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी पर सूत्रों ने बताया कि कंपनी चार से छह सप्ताह में इस सौदे को अंजाम तक पहुंचाना चाहती है। इस सौदे के बाद पर्यटन पोर्टल का कुल पूंजीकरण 50 करोड़़ रुपए अथवा 3,000 करोड़ रुपए के बराबर हो जाएगा। यात्रा डाट काम के अन्य निवेशकों में फिल्म अभिनेता सलमान खान भी हैं।
वह इस पोर्टल के ब्रांड एंबेसडर हैं। इसके अलावा नार्वेस्ट वेंचर पार्टनर्स के पास 30 फीसदी, टीवी-18 समूह की 10 प्रतिशत, इंटेल कैप की सात प्रतिशत और वैलियंट कैपिटल की 10 फीसदी हिस्सेदारी है। इसके अलावा पोर्टल के प्रबंधन टीम के पास भी इसकी छह फीसदी हिस्सेदारी है।