पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भारत रूस रिश्ते किस दिशा में?

भारत-रूस रिश्ते किस दिशा में?

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पिछली जुलाईमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लािदमीर पुतिन से मिले थे तो भारत-रूस रिश्तों के बारे में उन्हें अपने अंदाज में आश्वस्त करने की कोशिश की थी। कहा था, ‘भारत में किसी बच्चे से पूछिए कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सर्वश्रेष्ठ मित्र कौन है, तो वह रूस का नाम लेगा।’ बहरहाल, यह याद दिलाने की जरूरत पड़ी, यही इसका संकेत है कि वह लंबा दौर अतीत की बात हो गई जब इन दोनों देशों के रणनीतिक एवं सामरिक हितों में समन्वय बना रहता था। आज भारत अपने रक्षा और कारोबारी रिश्तों को बहुआयामी बनाने की कोशिश में है। इस क्रम में अमेरिका और उसके सहयोगी देश भारत के लिए बेहद अहम हैं। संभवतः इसी पर प्रतिक्रिया जताते हुए कुछ समय पहले रूस ने पाकिस्तान को सैन्य हेिलकॉप्टर बेचने का करार किया, जिसे एक महत्वपूर्ण नीति परिवर्तन के रूप में देखा गया। उधर, यूक्रेन संकट के बाद पश्चिमी प्रतिबंधों का निशाना बनने के बाद उसने ऊर्जा और रक्षा क्षेत्रों में चीन से संबंध प्रगाढ़ बनाने की कोशिश की है। इन दोनों बातों को भारत अपने हित में नहीं मानता। अतः 15वीं वार्षिक शिखर वार्ता के लिए नई दिल्ली आने से पहले पुतिन ने स्पष्टीकरण देने की कोशिश की। अफगानिस्तान में स्थिरता के तकाजे का हवाला देकर कहा कि पाकिस्तान से रूस का सहयोग भारत के दीर्घकालिक हित में है। गुरुवार को पूरी हुई अपनी 22 घंटों की भारत यात्रा के दौरान वे इस राय से भारतीय नेताओं को कितना आश्वस्त कर पाए, यह कहना कठिन है। वैसे भारत के नजरिये से रूस के साथ रिश्ता आज भी अहम है। एनडीए सरकार ने भारतीय विदेश नीति को नई दिशा देते समय भी इस तथ्य को ध्यान में रखा है, इसीलिए वह यूक्रेन मुद्‌दे पर पश्चिमी देशों द्वारा बनाए गए माहौल में शामिल नहीं हुई। दरअसल, भारत के लिए रूस से रिश्ता अंतरराष्ट्रीय संबंधों में स्वायत्तता बनाए रखने में सहायक है, इसीलिए पुतिन का दिल्ली में परंपरागत जोश के साथ स्वागत हुआ और कई नए समझौतों पर दस्तखत हुए। इसके बावजूद दोनों देशों के रिश्ते भविष्य में क्या रूप लेंगे, फिलहाल यह साफ नहीं है। यह काफी कुछ आगे बनने वाली अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और उनके बीच दोनों देशों की प्राथमिकताओं से तय होगा।

संपादकीय