भास्कर न्यूज/एजेंसी|नई दिल्ली
भास्कर न्यूज/एजेंसी|नई दिल्ली
आमआदमी पार्टी ने अप्रत्याशित जीत के बाद सरकार गठन की तैयारी पूरी कर ली है। केजरीवाल सरकार में कौन-कौन मंत्री होगा इसकी सूची भी तैयार हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया उपमुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और इसके साथ ही इस बार केजरीवाल की सरकार में तीन से चार नए चेहरे शामिल किए जाने की संभावना है। शनिवार को 12 बजे रामलीला मैदान में केजरीवाल मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। सूत्रों ने बताया कि पूर्ववर्ती आप सरकार में रह चुके सौरभ भारद्वाज, राखी बिड़लान, सोमनाथ भारती और गिरीश सोनी को इस बार कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, ‘आप’ ने जीतेंद्र तोमर (त्रिनगर), संदीप कुमार (सुल्तानपुर माजरा) और असीम अहमद (खान मटिया) महल को सरकार में शामिल करने का फैसला किया है। खान सरकार में एक मात्र अल्पसंख्यक चेहरा होंगे। करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा का नाम मंत्री पद के लिए चर्चा में था, लेकिन बाद में उनकी जगह बाबरपुर से विधायक गोपाल राय को मंत्री बनाने का फैसला किया गया। ये चारों पहली बार विधायक बने हैं और उन्हें शामिल करने का फैसला ‘आप’ की राजनीतिक मामलों की कमेटी ने गुरुवार तड़के लिया। उपराज्यपाल नजीब जंग को गुरुवार को मंत्रियों की सूची भेज दी गई है।
सिसौदिया पूर्ववर्ती आप सरकार में दूसरे नंबर पर थे और उन्होंने शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, शहरी विकास एवं लोक निर्माण विभाग जैसे अहम विभाग संभाले थे। सिसौदिया ने इस बारे में कहा, ‘औपचारिक घोषणा होने से पहले बात करना उचित नहीं होगा।’ सूत्रों ने बताया कि सिसौदिया को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय ‘आप’ की राजनीतिक मामलों की समिति पीएसी की बुधवार रात केजरीवाल के कौशांबी आवास पर हुई बैठक में लिया गया। सिसौदिया को यह जिम्मेदारी इसलिए दी जा रही है ताकि मनोनीत मुख्यमंत्री केजरीवाल पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकें। पार्टी ने रामनिवास गोयल शाहदरा को दिल्ली विधानसभा का अध्यक्ष और शालीमार बाग से जीत दर्ज करने वाली वंदना कुमारी को उपाध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया है। वंदना ‘आप’ की महिला शाखा का नेतृत्व भी कर रही हैं।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और शकूर बस्ती से विधायक सत्येंद्र जैन को एक बार फिर कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने निजी कारणों से नई सरकार से बाहर रहने का फैसला किया है। पूर्व महिला एवं बाल कल्याण मंत्री राखी बिड़लान एवं श्रम मंत्री गिरीश सोनी की सेवाएं संगठन के लिए इस्तेमाल की जाएंगी। सिसौदिया को शिक्षा एवं शहरी विकास सहित कई अन्य विभाग दिए जा सकते हैं। पेशे से वकील तोमर को कानून मंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, शाहदरा के विधायक रामनिवास गोयल को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है।