- Hindi News
- एमसीडी पुरानी कंपनी को ही देगी टोल टैक्स का ठेका
एमसीडी पुरानी कंपनी को ही देगी टोल टैक्स का ठेका
टोलटैक्सवसूली करने के मामले में पहले से ही विवादों में रही एमसीडी एक बार फिर से पुरानी कंपनी मैसर्स एसएमएस टोल वे प्राइवेट लिमिटेड को ही दिल्ली में आने वाले वाहनों से टोल टैक्स वसूल करने का ठेका देने की तैयारी कर रही है। टोल टैक्स वसूलने के ठेके में तीन माह का विस्तार करने के बारे में तीनों एमसीडी स्थाई समिति सदन में प्रस्ताव लाने जा रही है।
इस बारे में निगम के एक अधिकारी का पहचान छुपाने के शर्त पर कहना है कि टैक्स वसूली के टेंडर में देरी कर कमिश्नर के स्तर के अधिकारियों द्वारा करोड़ों का फायदा पहुंचाया जा रहा है। कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए एमसीडी टोलटैक्स वसूलने का टेंडर छोटे-छोटे स्लॉट नहीं कर जानबूझकर बड़ा टेंडर कर रही है। जिस कारण कोई भी कंपनी इस टेंडर को लेने के लिए तैयार नहीं हो रही है और पिछले नौ माह से एमसीडी को टेंडर का कोई खरीददार नहीं मिल रहा है। इसका अपरोक्ष फायदा पहले से ही टोल टैक्स वसूल रही कंपनी को मिल रहा है। इससे पहले तीनों एमसीडी के मेयरों ने अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए स्थाई समिति सदन में लाए बिना ही अपने स्तर पर मौजूदा कंपनी को 541 करोड़ रुपए की सालाना रकम पर नया टेंडर होने तक टेंडर के अनुबंध को बढ़ा दिया था, जिसकी अब अवधि समाप्त हो रही है। इसलिए एक बार फिर से एमसीडी टोल टैक्स वसूल करने का काम पुरानी कंपनी को ही नया टेंडर होने तक सौंपने जा रही है।