- Hindi News
- एयरपोर्ट के पास लेजर बीम लाइट प्रतिबंधित
एयरपोर्ट के पास लेजर बीम लाइट प्रतिबंधित
नई दिल्ली | इंदिरागांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के इर्द-गिर्द लेजर बीम लाइट के इस्तेमाल पर दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध लेजर बीम लाइट के चलते विमान हादसे की संभावना को देखते हुए लगाया गया है। कई विमानों के पायलटों ने लैंडिंग के दौरान लेजर बीम लाइट के चलते विजन डिस्ट्रक्शन की शिकायत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से की थी। जिसके बाद एटीसी ने दिल्ली पुलिस से इर्द-गिर्द के इलाकों में लेजर बीम लाइट के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया था। एटीसी के अनुरोध को स्वीकार करते हुए दिल्ली पुलिस ने 11 फरवरी से इस प्रतिबंध को प्रभावी कर दिया है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई करेगी।
पुलिस के अनुसार आईजीआई एयरपोर्ट के इर्द गिर्द कई होटल, फार्म हाउस, बैंक्वेट हॉल और रेस्त्रां स्थित हैं। जिसमें होने वाले आयोजनों में लेजर बीम लाइन का इस्तेमाल किया जाता है। एयरपोर्ट आवागमन करने वाले अधिकतर विमान इन्हें फार्म हाउस और फार्म हाउसों के ऊपर से गुजरते हैं। लैंडिंग के दौरान लेजर बीम लाइट के चलते पायलटों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। पायलटों की छोटी सी चूक बडे़ हादसे का सबब बन सकती है। लिहाजा पुलिस ने इनके इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।