- Hindi News
- संजय श्रीवास्तव फिर बन सकते हैं मुख्य सचिव, राजेंद्र कुमार सीएम दफ्तर में प्रमुख सचिव
संजय श्रीवास्तव फिर बन सकते हैं मुख्य सचिव, राजेंद्र कुमार सीएम दफ्तर में प्रमुख सचिव
दिल्लीके भावी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को पद की शपथ लेने के बाद एक बार फिर से नौकरशाहों की अपनी भरोसेमंद टीम को ही फिर से चुन सकते हैं। इस बात के साफ संकेत मिल रहे हैं कि शहरी विकास सचिव राजेंद्र कुमार को केजरीवाल मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव के रूप में बुला सकते हैं। कुमार पिछली बार 49 दिन की सरकार में भी इस पद पर थे। इसकी भी पूरी संभावना है कि दिल्ली वित्त निगम के चेयरमैन संजय के श्रीवास्तव को वे नया मुख्य सचिव बना सकते हैं।
फिलहाल डीएम स्पोलिया मुख्य सचिव हैं। स्पोलिया का कार्यकाल 31 जनवरी को ही समाप्त हो गया था लेकिन वह एक महीने के एक्सटेंशन पर हैं और इस महीने के अंत में रिटायर होंगे। शीला सरकार के दौरान मुख्य सचिव रहे स्पोलिया को पिछली बार सरकार में आते ही केजरीवाल ने वित्तीय आयुक्त बना दिया। तब श्रीवास्तव केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव वित्तीय सलाहकार थे। इन दिनों श्रीवास्तव जन शिकायत आयोग के अध्यक्ष हैं। उप-राज्यपाल नजीब जंग की प्रमुख सचिव नूतन गुहा बिस्वास भी मुख्य सचिव के पद के लिए लौबिंग कर रही हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान बिस्वास लोक निर्माण विभाग की प्रमुख सचिव रह चुकी हैं।
सचिवालय में कई और फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सहित अन्य कई अधिकारियों को बदले जाने की भी चर्चा है ताकि केजरीवाल मुफ्त पानी सस्ती बिजली जैसे अपने वायदों को जल्द से जल्द पूरा कर सकें। जहां तक केजरीवाल के निजी एप्वाइंटमेंट तय करने के लिए आप कार्यकर्ता अश्वथी नैयर को ही एक बार फिर निजी सचिव के तौर पर नियुक्त किया जा सकता है। केजरीवाल के पिछले कार्यकाल में भी अश्वथी इसी पद पर थीं।