- Hindi News
- ‘कर चोरों के खिलाफ अभियोजन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है आयकर विभाग’
‘कर चोरों के खिलाफ अभियोजन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है आयकर विभाग’
आयकरविभाग ने कहा है कि वह चूककर्ताओं या दोषियों के खिलाफ कम से कम समय में अभियोजन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और मौजूदा वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में उसने 414 समूहों के यहां तलाशी ली है जबकि 582 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति जब्त की गई है। वित्त मंत्रालय के बयान में कहा गया है, ‘काले धन के खिलाफ अभियान तथा काले धन के सृजन पर काबू पाने की प्रतिबद्धता के तहत सरकार दोषियों के खिलाफ कम से कम समय में सफल अभियोजन पर ध्यान केंद्रित कर रही है।’
इसके अनुसार 2014-15 में दिसंबर 2014 तक आयकर विभाग ने 414 समूहों के यहां तलाशी ली गई और 582 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति जब्त की। इन तलाशियों के दौरान करदाताओं ने 6,769 करोड़ रुपए की अघोषित आय स्वीकार की है। इसके अलावा नवंबर 2014 तक 1,174 सर्वे किए गए तथा 4,673 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति पकड़ी गई। इसी तरह दिसंबर 2014 तक 628 अभियोजन शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।