चिड़ियाघर में सुरक्षा कड़ी करने पर विचार
नई दिल्ली | राजधानीके चिड़ियाघर में 20 साल के युवक के सफेद बाघ के बाड़े में गिर जाने और उसका शिकार हो जाने की घटना के दो दिन बाद चिड़ियाघर के अधिकारी यहां आने वाले दर्शकों के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रने पर विचार कर रहे हैं। चिड़ियाघर में रोजाना आने वाले दर्शकों की औसत संख्या करीब 1300 होती है लेकिन मंगलवार की घटना के बाद बुधवार को करीब 3000 लोग यहां पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से अल्पकालिक और दीर्घकालिक कदम उठाए जा रहे हैं। पशु चिकित्सक पनीर सेल्वम ने कहा, ‘हम सफेद बाघ के बाड़े के आसपास बाड़ को करीब छह फुट तक बढ़ाकर एहतियाती कदम उठाने की योजना बना रहे हैं।’
फिलहाल सफेद बाघ के बाड़े के आसपास चार फुट तक की जाली है। उन्होंने कहा कि बाड़ की ऊंचाई केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के अनुरूप है। इसके अलावा अधिकारियों ने सफेद बाघों के बाड़े के आसपास खासतौर पर सुरक्षागार्ड तैनात किए हैं ताकि मंगलवार सरीखी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो। सेल्वम ने कहा कि पहले बाड़ को बढ़ाने की कोशिश की गई थी लेकिन तब लोगों ने शिकायत की थी कि इससे लोगों को बाघों को देखने में दिक्कत आएगी।