- Hindi News
- नवरात्र शुरू होते ही बैंक कार्यालयों में उमड़ी भीड़
नवरात्र शुरू होते ही बैंक कार्यालयों में उमड़ी भीड़
नवरात्रशुरू होते ही डीडीए हाउसिंग स्कीम के लिए बैंकों में आवेदनकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। आवेदन के लिए जहां निजी बैंकों में कागजी प्रक्रिया सरल है, वहीं सरकारी बैंक आवेदकों से संपत्ति कर का प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज भी मांग रहे हैं। डीडीए हाउसिंग स्कीम के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। योजना के 15 दिन शेष रह जाने की वजह से आवेदक अब फार्म जमा करने के लिए बैंकों की शाखाओं पर इकट्ठा होना शुरू कर दिए हैं।
रजिस्ट्रेशनफीस को लेकर ज्यादा पूछताछ : रजिस्ट्रेशनफीस के तौर पर एक लाख रुपए लोन के तौर पर लेने के लिए आवेदक बैंक कर्मियों से ज्यादा पूछताछ कर रहे हैं। सरकारी बैंकों में एक लाख रुपए रजिस्ट्रेशन फीस के एवज में मात्र 3500 रुपए के करीब एडवांस ब्याज ले रहे हैं। जबकि निजी बैंक 3700 रुपए से लेकर 4000 रुपए तक एडवांस ब्याज की वसूली कर रहे हैं।
निजी बैंकों में कागजी प्रक्रिया सरल-
भले ही सरकारी बैंक के अपेक्षा निजी बैंक कुछ ज्यादा पैसे ब्याज के तौर पर ले रहे हैं, लेकिन निजी बैंक उपभोक्ताओं को कागजी प्रक्रिया से राहत दे रहे हैं। निजी बैंक अमूमन उपभोक्ताओं से दो फोटो, पैन कार्ड की प्रति, एड्रेस प्रूफ के लिए एक पहचान पत्र के अलावा बैंक के दो चेक मांग रहे हैं। इसके विपरीत सरकारी बैंक उपभोक्ताओं से लोन का आवेदन पत्र, पैन कार्ड की प्रति, आयकर की प्रति अथवा वेतन की प्रति, एड्रेस प्रूफ, आधार कार्ड की प्रति, खाली चेक और लोन डॉक्यूमेंट की बुकलेट जमा करनी होगी।
3 लाख और छपेंगे आवेदन फार्म-
डीडीए अधिकारी के मुताबिक अब तक 20 लाख फार्म छापे जा चुके हैं। इनमें से लगभग 15 लाख के करीब आवेदन फार्म बिक चुके हैं। लेकिन योजना में 15 दिन शेष होने की वजह से 3 लाख अतिरिक्त आवेदन फार्म छापने की तैयारी की जा रही है।
आवेदन की लाइन में हीरालाल-
धूप-अगरबत्ती बेचकर अपनी जीविका चलाने वाले दोनों आंखों से नेत्रहीन हीरालाल भी गुरुवार को डीडीए मुख्यालय विकास सदन में स्कीम की जानकारी लेने पहुंचे। 56 वर्षीय हीरालाल ने ईडब्ल्यूएस हाउसिंग स्कीम के लिए आवेदन फार्म लिया।