- Hindi News
- चीन के बैंक से 158 अरब का कर्ज लेगी इंडिगो
चीन के बैंक से 158 अरब का कर्ज लेगी इंडिगो
{इस दौरान दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच हुए 209 अरब रुपए के समझौते
एजेंसी| नई दिल्ली
कमकिराये वाली एयरलाइन इंडिगो चीन के सबसे बड़े बैंक आईसीबीसी से करीब 158 अरब रुपए (2.6 अरब डॉलर) का कर्ज लेगी। एयरलाइन की इस राशि से 30 से ज्यादा विमान खरीदने की योजना है। इसके समझौते पर इंडिगो और इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना लिमिटेड (आईसीबीसी) के बीच यहां बुधवार को उद्योग चैंबर फिक्की द्वारा आयोजित इंडो-चाइना बिजनेस मीटिंग के दौरान हस्ताक्षर किए गए।
इंडिगो के प्रेसीडेंट आदित्य घोष ने बताया एयरलाइन के बेड़े में अभी 81 विमान हैं। कंपनी नए विमान अपनी सेवा का दायरा बढ़ाने के लिए खरीदेगी। फिक्की की यह बैठक ऐसे समय पर हुई जब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बुधवार को तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पर पहुंचे हैं।
इस बैठक में दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच विभिन्न क्षेत्रों में करीब 209 अरब रुपए (3.43 अरब डॉलर) के समझौते हुए। इनमें एयरक्राफ्ट लीजिंग और फाइनेंसिंग, टेलीकॉम, केमिकल, विंड पावर कंपोनेंट्स, कॉटन यार्न और फैब्रिक, सिंथेटिक फाइबर और सीफूड जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इनमें एक समझौता रिलायंस कम्युनिकेशंस और हुआवेई टेलीकम्युनिकेशंस इंडिया कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के बीच 2जी और 3जी नेटवर्क के विस्तार को लेकर हुआ। वहीं, मिंगयांग विंड पावर और ग्लोबल विंड पावर के बीच 450 मेगावाट विंड पावर के कलपुर्जे खरीदने के लिए समझौते हुआ।