- Hindi News
- रक्षा उत्पादन क्षेत्र में उतरेगा रिलायंस एडीए समूह
रक्षा उत्पादन क्षेत्र में उतरेगा रिलायंस एडीए समूह
अनिलअंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस एडीएजी समूह ने रक्षा और विमान निर्माण के क्षेत्र में कदम रखने का ऐलान किया है। इस हाई ग्रोथ वाले क्षेत्र का बाजार 10 साल में 100 अरब डॉलर (6.20 लाख करोड़ रुपए) तक पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल इस क्षेत्र में ज्यादातर जरूरतें आयात से पूरी की जाती हैं। इस क्षेत्र में उतरने के लिए समूह ने बिजली समेत अन्य क्षेत्रों में पहले से मौजूद अपनी कंपनी रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर के तहत तीन सहयोगी कंपनियां बनाई हैं। इसमें रिलायंस डिफेंस सिस्टम्स, रिलायंस डिफेंस टेक्नोलाॅजीज और रिलायंस डिफेंस एंड एयरोस्पेस (आरडीए) शामिल हैं। आरडीए सशस्त्र बल के लिए यूटिलिटी हेलीकॉप्टर कार्यक्रमों में भागीदारी करेगी। लॉकहीड मार्टिन इंडिया के पूर्व एमडी राजेश धींगरा रिलायंस समूह की इस पहल का नेतृत्व करेंगे। रक्षा क्षेत्र में प्रवेश के साथ रिलायंस एडीए समूह अब टाटा, लार्सन एंड टूब्रो और महिंद्रा एंड महिंद्रा के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा। कंपनी ने यह सूचना शेयर बाजारों को दी है। समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी ने कहा, ‘हम भारत में विश्वस्तरीय प्रौद्योगिकी लाने की कोशिश करेंगे और देश के भीतर ही कौशल तैयार करेंगे, ताकि सशस्त्र बलों के लिए बेहतरीन प्रोडक्ट मुहैया कराए जा सकें।
रक्षा उत्पादों का आयात घटाया जा सके और उच्च कौशल वाले रोजगार पैदा किए जा सकें।’ उद्योग सूत्रों ने कहा कि रिलायंस प्रौद्योगिकी गठजोड़ के लिए विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से बातचीत कर रही है। इनमें फ्रांस की यूरोकाप्टर, रूस की कामोव और अमेरिका की सिकोर्स्की शामिल है।
..................................................
(बॉक्स):
रिलायंस पावर राजस्थान में लगाएगी 6000 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र
मुंबई। रिलायंस पावर राजस्थान में दस साल में 6,000 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा पार्क लगाएगी। इसके लिए कंपनी ने राजस्थान सरकार के साथ सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने बताया कि राजस्थान में उसकी 100 मेगावाट सौर उर्जा परियोजना का काम चल रहा है। यह संयंत्र प्रति वर्ष 25 करोड़ किलोवाट घंटे स्वच्छ बिजली का उत्पादन करेगा। इससे 2.3 लाख परिवारों की बिजली की जरूरतें पूरी होंगी।
रिलायंसइन्फ्रा के तहत बनाई तीन कंपनी :
-रिलायंसडिफेंस सिस्टम्स
-रिलायंस डिफेंस टेक्नोलाॅजीज
-रिलायंस डिफेंस एंड एयरोस्पेस
इन क्षेत्रों में काम करेगा समूह : :
-सशस्त्र बलों के लिए यूटिलिटी हेलीकॉप्टर कार्यक्रमों में भागीदारी।
-नौसेना के प्लेटफार्म एयर मोबिलिटी, एवियोनिक्स और नेटवर्क सेंट्रिक वारफेयर (एनसीडब्ल्यू) समेत अन्य मौके भी तलाशेगा
ये समूह पहले से हैं रक्षा उत्पादन क्षेत्र में :
टाटा, लार्सन एंड टूब्रो और महिंद्रा एंड महिंद्रा
---------------------------
^“यह पहल सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत देश के रक्षा क्षेत्र में व्यापक औद्योगिक आधार स्थापित करने के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करेगी। हमारा समूह इस पहल में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिबद्ध है।’ -अनिलअंबानी, चेयरमैन, रिलायंस एडीए समूह