- Hindi News
- ग्लास्गो गेम्स के ट्रायल फिक्स थे: मेरी कोम
ग्लास्गो गेम्स के ट्रायल फिक्स थे: मेरी कोम
यहां अलीपुर के नेहरु युवा केंद्र में आयोजित युवा सम्मेलन में शिरकत करने आए खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और बॉक्सर विजेंद्र सिंह के बीच तब असमंजस की स्थिति पैदा हो गई, जब मंत्री ने विजेंद्र को मिलते ही कहा कि एशियन गेम्स से गोल्ड लेकर आना। यह सुनते ही विजेंद्र सिंह झेंप गए। तब तक विजेंद्र को गले लगा चुके मंत्री जी को विजेंद्र ने कहा, सर, इस बार तो मैं जा ही नहीं रहा। चोट लगी हुई है।’ देश के खेल मंत्री इस पर बगले झांकने लगे।
एजेंसी .नई दिल्ली
पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन आैर आेलंपिक कांस्य पदक विजेता बॉक्सर एमसी मेरी कोम ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले पटियाला में हुए चयन ट्रायल में पिंकी जांगड़ा के साथ हुई अपनी फाइट को फिक्स करार दिया है।
51 किलो भार वर्ग की उस फाइट में हरियाणा की युवा बॉक्सर पिंकी ने मेरी कोम को हरा कर उनके कॉमनवेल्थ गेम्स में जाने का रास्ता रोक दिया था। मेरी कोम ने अब एशियाड ट्रायल में पिंकी से उस कथित हार का बदला ले लिया। नेहरू युवा केंद्र संगठन के जोनल कार्यालय के शिलान्यास के अवसर पर उन्होंने कहा कि उस चयन मुकाबले में पिंकी के पक्ष में एकतरफा फैसला किया। मेरी कोम के मुताबिक दूसरे भार वर्ग की फाइट में विजेता का फैसला चयन समिति दो-एक मिनट में ही कर रही थी लेकिन पिंकी के साथ मेरी फाइट को चयन समिति ने जान बूझकर लंबा किया और 15 मिनट में तब जाकर फैसला दिया, जब वहां बैठे लोग अपने मकसद में कामयाब हो गए।
इंचियोनमें गोल्ड जीतने की है उम्मीद : इसबार एशियन गेम्स में अपनी उम्मीद के बारे में मेरी कोम ने कहा कि गोल्ड से कम कुछ नहीं जीतना चाहेंगी। उनके मुताबिक देश के लिए इतनी प्रतिष्ठा अर्जित करने और लगातार बेहतर परफॉर्म करने के बावजूद पिंकी से ट्रायल में हार के बाद जिस तरह कुछ लोगों ने मुझे 31 की उम्र और 3 बच्चों की मां का हवाला देकर खारिज कर दिया था, मैं एशियन गेम्स में बॉक्सिंग रिंग में उन सबको गलत साबित करने उतरूंगी।
पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन भारतीय बॉक्सर ने कॉमनवेल्थ टीम सलेक्शन पर जड़ा जोरदार पंच
ट्रबल पंच