पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कांग्रेस के दिग्गजों पर होगी सबकी नजर

कांग्रेस के दिग्गजों पर होगी सबकी नजर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
माकन, शर्मिष्ठा के अलावा कई दिग्गजों के भविष्य का फैसला आज

भास्करन्यूज | नई दिल्ली

दिल्लीविस चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले एग्जिट पोल में कांग्रेस को इक्का-दुक्का सीट मिलने का अनुमान दिखाया जा रहा है। जबकि पांचवें विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने आठ सीटें जीती थीं। इस बार कांग्रेस के धीमे प्रचार और चुनाव में कम पैसा खर्च करने को लेकर कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत पर आशंका व्यक्त की जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बदरपुर में एक रैली और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कालकाजी, ग्रेटर कैलाश, शास्त्री नगर, चांदनी चौक और बल्लीमारान विधानसभा में हुए रोड शो कुछ ही विधानसभाओं को कवर कर सके। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर लवली के चुनाव से हटने के बाद वर्ष 2013 में कांग्रेस से जीत दर्ज करने वाले और इस बार चुनाव लड़ने वाले विधायकों की संख्या 7 रह गई थी, लेकिन मटिया महल से जेडीयू के टिकट पर चुनाव जीतने वाले शोएब इकबाल के कांग्रेस में शामिल होने से कांग्रेस के पूर्व विधायकों की संख्या फिर से आठ हो गई।

आठ दिग्गजों में बल्लीमारान से हारून यूसुफ, चांदनी चौक से प्रहलाद सिंह साहनी, मटिया महल से शोएब इकबाल, सीलमपुर से मतीन अहमद, मुस्तफाबाद से हसन अहमद, ओखला से आसिफ मोहम्मद खान, सुल्तानपुर माजरा से जयकिशन और बादली से देवेंद्र यादव शामिल हैं।इतना ही नहीं चुनाव में हार के बाद अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए फिर से चुनाव लड़ने वाले डा. एके वालिया, राजकुमार चौहान, प्रो. किरण वालिया के अलावा दिल्ली विधानसभा के पूर्व स्पीकर चौ. प्रेम सिंह, योगानंद शास्त्री पर भी सबकी नजर होगी। कांग्रेस के टिकट पर चार बार विधायक बन चुके मुकेश शर्मा, नसीब सिंह, अमरीश गौतम, सुभाष चोपड़ा, वीर सिंह धींगान, तरविंदर सिंह मारवाह के अलावा सदर बाजार से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन और ग्रेटर कैलाश से चुनाव लड़ रहीं राष्ट्रपति की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी भी इनमें शामिल हैं।

मतगणना की पूर्व संध्या पर कांग्रेस कार्यालय में कुछ इस तरह सन्नाटा पसरा हुआ था।