जनवरी में कॉफी का निर्यात 27 फीसदी घटा
वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव पुरानी फसल की कमजोर सप्लाई का असर
एजेंसी| नई दिल्ली
वैश्विककीमतों में उतार-चढ़ाव और पुरानी फसल की कमजोर सप्लाई से जनवरी में कॉफी निर्यात करीब 27 फीसदी घटकर 18,475 टन रह गया। पिछले साल इस महीने देश से 25,355 टन कॉफी का निर्यात हुआ था। यह जानकारी कॉफी बोर्ड के ताजा आंकड़ों में सामने आई है।
बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यापारी सतर्कता का रुख अपना रहे हैं, क्योंकि दुनिया के शीर्ष कॉफी उत्पादक देश ब्राजील में बीते दो महीनों के दौरान उत्पादन चिंताओं के कारण वैश्विक कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। घरेलू बाजार में पुरानी फसल की आपूर्ति खत्म होती जा रही है और किसान कीमतों में गिरावट के रुख से चिंतित हैं।
इस कारण वे नई फसल की बिक्री नहीं कर रहे हैं। कॉफी की अरेबिका किस्म की कटाई खत्म हो चुकी है और रोबस्टा किस्म की कटाई जारी है। किसान बाजार में अपनी नई फसल को बेचने के लिए अच्छी कीमत का इंतजार कर रहे हैं।
कॉफी बोर्ड के मुताबिक देश में काफी का इस साल 3.31 लाख टन उत्पादन होने का अनुमान है। पिछले साल यह 3.04 लाख टन रहा था।